newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi in Jamui : कौन है वो युवा नेता जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना छोटा भाई बताकर उसका कद बढ़ा दिया, पढ़िए पूरी खबर…

PM Modi in Jamui : प्रधानमंत्री ने कहा आप याद करिए 10 साल पहले दुनिया में भारत के बारे में क्या राय थी? कांग्रेस के राज में छोटे-छोटे देश जो आटे को लेकर तरस रहे हैं उनके आतंकी हमारे यहां हमला करके चले जाते थे। मगर मोदी ने कहा ऐसा नहीं चलेगा, भारत वहीं महान पाटलीपुत्र और मगध वाला भारत है। आज का भारत चंद्रगुप्त मौर्य वाला भारत है, घर में घुसकर मारता है।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के जमुई में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ मंच पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान भी उपस्थित रहे। रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से पूछा कि ये चुनाव सभा है या विजय सभा है। आज आपने कमाल कर दिया। आज जमुई की इस खूबसूरत धरती पर उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि जनता का मूड क्या है। जमुई से बीजेपी और एनडीए के पक्ष में उठी ये हुंकार पूरे देश में सुनाई दे रही है। पीएम ने कहा कि आज हम सबको एक कमी महसूस हो रही है। पद्म भूषण से सम्मानित मेरे परम मित्र रामविलास पासवान जी आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन मुझे संतोष है कि रामविलास जी के विचारों को उनके बेटे और मेरे छोटे भाई चिराग पासवान आगे ले जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने विपक्ष के इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हो या आरजेडी इन्होंने हर मौके पर बिहार और बिहारी गौरव का अपमान किया है। यही कांग्रेस और आरजेडी थी, जिसने कर्पूरी ठाकुर का अपमान किया। लेकिन हमारी सरकार ने बिहार के गौरव कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया। पीएम मोदी बोले जब हमारी सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने का ऐलान किया तब भी इन लोगों ने इस बात का विरोध किया। पीएम मोदी ने कहा कि एक ओर कांग्रेस और आरजेडी ने अपनी सरकार के दौरान दुनिया में देश का नाम खराब किया है। दूसरी ओर बीजेपी और एनडीए का एक ही लक्ष्य है, विकसित भारत का निर्माण, समृद्ध भारत का निर्माण, खुशहाल बिहार का निर्माण।

पीएम ने कहा आप याद करिए 10 साल पहले दुनिया में भारत के बारे में क्या राय थी? कांग्रेस के राज में छोटे-छोटे देश जो आटे को लेकर तरस रहे हैं उनके आतंकी हमारे यहां हमला करके चले जाते थे। मगर मोदी ने कहा ऐसा नहीं चलेगा, भारत वहीं महान पाटलीपुत्र और मगध वाला भारत है। आज का भारत चंद्रगुप्त मौर्य वाला भारत है, घर में घुसकर मारता है। आज का भारत दुनिया को दिशा दिखाता है। सिर्फ 10 साल में भारत की साख और रुतबा इतना बड़ा कैसे हो गया, आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। पीएम ने कहा कि चंद्रमा के जिस कोने पर कोई नहीं पहुंचा वहां हमारा चंद्रयान तिरंगा लेकर पहुंचा। पीएम मोदी ने कहा ये सब आप जनता ने ही किया। इस सफलता का अगर कोई हकदार है तो वो आप हैं जिन्होंने भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाकर एनडीए को जीत दिलाई।