newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

94th Academy Awards: ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई भारत की दलित महिलाओं पर बनी ये फिल्म, जानिए क्या है पूरी कहानी

94th Academy Awards: इस डॉक्यूमेंट्री में उन दलित महिलाओं के संघर्ष की कहानी को दर्शाया गया है, जो ‘खबर लहरिया’ अखबार का संचालन करती है। बता दें कि, अखबार की शुरुआत 2002 में उत्तर प्रदेश के चित्रकुट में एनजीओ ने मीरा जाटव, शालिनी जोशी और कविका बुंदेलखंडी के साथ मिलकर की थी।

नई दिल्ली। 94वें ऑस्कर अवॉर्ड्स (94th Oscars Awards) की लिस्ट में भारत की डॉक्युमेंट्री फिल्म ‘राइटिंग विद फायर’ ने अपनी जगह पक्की कर ली है। ऑस्कर की फाइनल लिस्ट में ‘राइटिंग विद फायर’ को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर की कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है। दुनियाभर के फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों को इस अवॉर्ड शो का बेसब्री से इंतजार रहता है। ऐसे में अवॉर्ड्स की फाइनल लिस्ट में भारत की डॉक्यूमेंट्री का नॉमिनेशन होना देश के लिए गर्व की बात है। इंडियन डॉक्यूमेंट्री को रिंटू थॉमस और सुष्मित घोष ने डायरेक्ट किया है। यह उनके करियर की पहली डॉक्यूमेंट्री है। ‘राइटिंग विद फायर’ की कहानी दलित महिला द्वारा संचालित भारत के इकलौते अख़बार “खबर लहरिया” (Khabar Lahariya) पर आधारित है। इस डॉक्यूमेंट्री में “खबर लहरिया” अख़बार के सफर के बारे में बताया गया है, जो आज से करीब 20 साल पहले शुरू हुआ था।

documentry

सबसे अलग है डॉक्युमेंट्री की थीम
इस डॉक्यूमेंट्री में उन दलित महिलाओं के संघर्ष की कहानी को दर्शाया गया है, जो ‘खबर लहरिया’ अखबार का संचालन करती है। बता दें कि, अखबार की शुरुआत 2002 में उत्तर प्रदेश के चित्रकुट में एनजीओ ने मीरा जाटव, शालिनी जोशी और कविका बुंदेलखंडी के साथ मिलकर की थी। मीरा जाटव, अखबार चलाने वाली महिलाओं के पूरे समूह का नेतृत्व करती हैं और अख़बार की प्रमुख रिपोर्टर हैं। डॉक्यूमेंट्री में दिखाया गया है कि, महिलाओं ने कंपटीशन की दुनिया में अखबार को किस तरह डिजिटल माध्यम से जोड़ा। खास बात ये है कि, अभी तक इस डॉक्यूमेंट्री को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 20 से भी ज्यादा अवॉर्ड मिल चुके हैं। ऐसे में फिल्म समीक्षकों की ओर से इस डॉक्यूमेंट्री को ऑस्कर अवॉर्ड्स मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

बेस्ट डॉक्यूमेंट्री की श्रेणी में दुनिया की कई और फिल्में, असेंशन, एटिका, फ्ली एंड समर ऑफ सोल शामिल हैं। पुरस्कार समारोह 27 मार्च को आयोजित किया जाएगा। जिसमें ऑस्कर अवॉर्ड की घोषणा की जाएगी।