लखनऊ। इंडिया गठबंधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस तो हैं, लेकिन यूपी में इनके बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे पर खींचतान चल रही है। इस खींचतान के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कांग्रेस को एक के बाद एक झटके दिए। अखिलेश यादव ने पहले साफ-साफ कहा कि कांग्रेस से सीटों का बंटवारा होने के बाद ही वो राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे।
#Watch: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वह उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में तब तक शामिल नहीं होंगे जब तक कि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों का बंटवारा तय नहीं हो जाता। pic.twitter.com/kzR5LSHJvc
— IANS Hindi (@IANSKhabar) February 19, 2024
अखिलेश के इस बयान के कुछ देर बाद ही समाजवादी पार्टी ने यूपी की 11 और लोकसभा सीटों से अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया। समाजवादी पार्टी ने जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी को भी गाजीपुर सीट से टिकट देने का फैसला किया है।
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) February 19, 2024
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) January 30, 2024
समाजवादी पार्टी ने शाहजहांपुर से राजेश कश्यप, हरदोई से ऊषा वर्मा, मिश्रिख से रामपाल राजवंशी, मोहनलालगंज से आरके चौधरी, प्रतापगढ़ से एसपी सिंह पटेल, बहराइच से रमेश गौतम, गोंडा से श्रेया वर्मा, चंदौली से वीरेंद्र सिंह और आंवला से नीरज मौर्य को लोकसभा प्रत्याशी बनाने का एलान किया है। इस तरह अब तक यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से 27 सीटों पर समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों का एलान किया है। पहली लिस्ट उसने 30 जनवरी को जारी की थी। उस लिस्ट में अखिलेश यादव की पार्टी ने 16 प्रत्याशियों के नाम का एलान किया था। उनमें मैनपुरी से अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव, लखनऊ से रविदास मेहरोत्रा और संभल से शफीकुर्रहमान बर्क का भी नाम था।
आज समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रत्याशियों की ताजा लिस्ट घोषित होने से साफ है कि कांग्रेस के साथ लोकसभा सीटों के बंटवारे पर बातचीत करने के बीच अखिलेश यादव खुद के दम पर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस कह रही है कि सपा से बातचीत चल रही है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस 2009 के नतीजों के हिसाब से 20 से ज्यादा सीटें मांग रही है, लेकिन अखिलेश यादव इस पर राजी नहीं हैं। खास बात ये भी है कि बीते दिनों ही अखिलेश के सहयोगी रहे जयंत चौधरी ने तय किया है कि उनकी राष्ट्रीय लोकदल यानी आरएलडी इंडिया गठबंधन से हट जाएगी। जयंत चौधरी जल्दी ही बीजेपी के खेमे के साथ जाने वाले हैं। अखिलेश यादव ने पहले जयंत चौधरी की आरएलडी को 7 लोकसभा सीटें देने की घोषणा की थी।