newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Azam Khan: सपा के कद्दावर नेता आजम खान को हार्ट अटैक, दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती

आजम खान करीब 74 साल के हैं। वो रामपुर से 10 बार विधायक, एक बार लोकसभा सांसद और एक बार राज्यसभा के सांसद भी रह चुके हैं। रामपुर में आजम पर 90 से ज्यादा केस हैं। उन्होंने जेल में रहते हुए इस साल यूपी विधानसभा का चुनाव लड़ा था। उससे पहले वो 2019 में लोकसभा के लिए चुने गए थे।

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता और यूपी के पूर्व मंत्री आजम खान को दिल का दौरा यानी हार्ट अटैक हुआ है। इसके बाद उनको दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में दाखिल कराया गया है। डॉक्टरों ने मंगलवार को आजम की एंजियोप्लास्टी की। उनके वेन में एक स्टेंट डाला गया। उनके परिवार के मुताबिक दो दिन पहले अचानक आजम को पसीना आने लगा और सांस में तकलीफ भी हुई। तुरंत उनको अस्पताल लाया गया। जहां पता चला कि दिल का दौरा पड़ा था। बता दें कि जेल से छूटने के बाद आजम खान काफी समय तक पहले भी सर गंगाराम अस्पताल में दाखिल रहे थे। हार्ट अटैक आजम को रामपुर के अपने घर पर पड़ा था। जांच से पता चला कि आजम के एक वेन में ब्लॉकेज है। इसके बाद डॉक्टरों ने एंजियोप्लास्टी का सुझाव दिया।

Azam khan

आजम खान के परिवार के मुताबिक एंजियोप्लास्टी सफल रही है। आजम अब ठीक हैं, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में रखा है। एक-दो दिन में उनको छुट्टी मिल सकती है। आजम की देखभाल के लिए अस्पताल में उनकी पत्नी और पूर्व सांसद तजीन फातिमा, बेटे अब्दुल्ला आजम और अदीब आजम भी मौजूद हैं। बता दें कि आजम खान पर योगी सरकार ने तमाम केस लगाए हैं। इन मामलों में आजम खान 27 महीने तक सीतापुर की जेल में कैद रहे। वहां उनको कोरोना भी हुआ था। जेल से छूटने के बाद उनकी एक आंख की सर्जरी भी हुई थी।

Azam Khan

आजम खान करीब 74 साल के हैं। वो रामपुर से 10 बार विधायक, एक बार लोकसभा सांसद और एक बार राज्यसभा के सांसद भी रह चुके हैं। रामपुर में आजम पर 90 से ज्यादा केस हैं। उन्होंने जेल में रहते हुए इस साल यूपी विधानसभा का चुनाव लड़ा था। उससे पहले वो 2019 में लोकसभा के लिए चुने गए थे। उनके बेटे अब्दुल्ला भी रामपुर की स्वार सीट से विधायक का चुनाव जीते थे।