newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Brij Bhushan On Amit Shah: अमित शाह से फिलहाल नहीं मिलेंगे बृजभूषण शरण सिंह, एक बार फिर बोले- मैंने खेल की राजनीति से लिया संन्यास

Brij Bhushan On Amit Shah: संजय सिंह के निलंबन के बाद ही बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को कहा था कि वो खेल की राजनीति से संन्यास ले रहे हैं। आज यही बात एक बार फिर डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष ने दोहराई है। बृजभूषण पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली की अदालत में केस चल रहा है।

नई दिल्ली। बीजेपी के बाहुबली सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक बार फिर दोहराया है कि वो कुश्ती संघ के मामले में संन्यास ले चुके हैं। इससे पहले ये खबर आई थी कि भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के नए चुने गए अध्यक्ष संजय सिंह समेत पूरी कार्यकारिणी को मोदी सरकार के खेल मंत्रालय ने निलंबित कर दिया है। इसके बाद बृजभूषण शरण सिंह के बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की खबर आई थी। फिर रविवार को ये खबर भी आई कि अब बृजभूषण शरण सिंह की मुलाकात गृहमंत्री अमित शाह से होने वाली है, लेकिन आज मीडिया से बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने साफ कर दिया कि अमित शाह से उनकी मुलाकात का कोई कार्यक्रम फिलहाल नहीं है।

बृजभूषण शरण सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब अमित शाह मुझे बुलाएंगे, तब उनसे मिलने जाएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि अमित शाह हमारे नेता हैं, लेकिन उनसे कुश्ती के संबंध में कोई बात नहीं होगी। बृजभूषण ने कहा कि डब्ल्यूएफआई के नए चुने गए अध्यक्ष संजय सिंह अपना काम कर रहे हैं और वो अपना काम करेंगे। बृजभूषण शरण सिंह ने ये भी कहा कि वो कुश्ती और खेल की राजनीति से पूरी तरह संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्या करना है और क्या नहीं, ये फेडरेशन का काम है और उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।

wrestlers dharna

बता दें कि संजय सिंह के कुश्ती संघ का अध्यक्ष चुने जाने के बाद पहलवान साक्षी मलिक ने खेल से संन्यास लेने का एलान किया था। वहीं, पहलवान बजरंग पुनिया ने अपना पद्मश्री सम्मान लौटाने का फैसला किया था। इसके बाद संजय सिंह ने कुश्ती प्रतियोगिताएं कराने की बात कही थी। इसके लिए संघ की कार्यकारिणी से मंजूरी भी नहीं ली गई थी। जिसकी वजह से सरकार ने तत्काल कदम उठाते हुए डब्ल्यूएफआई की पूरी कार्यकारिणी और संजय सिंह को निलंबित कर दिया था। संजय सिंह के निलंबन के बाद ही बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को कहा था कि वो खेल की राजनीति से संन्यास ले रहे हैं। आज यही बात एक बार फिर डब्ल्यूएफआई के पूर्व अध्यक्ष ने दोहराई है। बृजभूषण पर महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में दिल्ली की अदालत में केस चल रहा है।