newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP: प्रयागराज दंगे के मास्टरमाइंड जावेद पंप के मकान पर आज चल सकता है बुलडोजर, पत्नी और बेटी भी हिरासत में

पुलिस ने जावेद पंप को गिरफ्तार करने के बाद उसकी पत्नी और बेटी को भी हिरासत में लिया है। पुलिस को शक है कि हिंसा भड़काने में जावेद के अलावा उसकी पत्नी और बेटी भी शामिल हैं। जावेद की बेटी ने इससे पहले सीएए कानून विरोधी प्रदर्शन को भी हवा दी थी।

प्रयागराज। यूपी के प्रयागराज में शुक्रवार को दंगा भड़काने के मास्टरमाइंड जावेद पंप के घर को बुलडोजर से मटियामेट किए जाने की आज शुरुआत हो सकती है। ताजा जानकारी के मुताबिक जावेद के घर पर नोटिस चिपकाया गया है। नोटिस में आज सुबह 11 बजे तक घर खाली करने के लिए कहा गया है। माना जा रहा है कि 11 बजे के बाद प्रशासन उसके घर को बुलडोजर से जमींदोज करेगा। उधर, पुलिस ने जावेद पंप को गिरफ्तार करने के बाद उसकी पत्नी और बेटी को भी हिरासत में लिया है। पुलिस को शक है कि हिंसा भड़काने में जावेद के अलावा उसकी पत्नी और बेटी भी शामिल हैं। जावेद की बेटी ने इससे पहले सीएए कानून विरोधी प्रदर्शन को भी हवा दी थी।

prayagraj riot

पुलिस ने हिंसा भड़काने के मामले में 64 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 4 नाबालिग भी हैं। नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। जबकि, बाकी को कोर्ट ने 14 दिन के लिए जेल भेजा है। प्रयागराज के एडीजी प्रेम प्रकाश ने शुक्रवार को हिंसा के बाद बताया था कि दंगाइयों ने अपनी रणनीति में बदलाव लाते हुए पत्थरबाजी करने के दौरान छोटे-छोटे बच्चों को आगे कर दिया था। इस वजह से पुलिस को सख्त एक्शन लेने में दिक्कत भी हुई थी। हालांकि, बाद में एडीजी ने खुद मोर्चा संभाला था और लाठी लेकर दंगाइयों पर पिल पड़े थे। एडीजी का ये रूप देखकर मौके पर मौजूद पुलिसबल ने भी दंगाइयों को खदेड़कर घरों में जाने के लिए मजबूर कर दिया था।

kanpur riot 1

दरअसल, ये सारा मामला बीजेपी की प्रवक्ता रहीं नूपुर शर्मा के एक टीवी डिबेट में दिए गए बयान से शुरू हुआ। डिबेट में नूपुर ने कथित तौर पर पैगंबर और उनकी पत्नी बीबी आयशा के बारे में गलत टिप्पणी की थी। मुस्लिम कट्टरपंथी तभी से नूपुर की जान लेने और उन्हें रेप की धमकी दे रहे हैं। नूपुर की कथित गलत टिप्पणी का हवाला देते हुए शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद देश के कई शहरों में हिंसा भी की गई। यूपी के प्रयागराज में भी बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी। जिसके बाद अब सीएम योगी आदित्यनाथ की सरकार दंगाइयों के खिलाफ सख्त तेवर अपना रही है।