newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

बागपत के 60 किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कृषि भवन में की केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात

Farmers Protest :नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को दिल्ली की सड़कों पर डटे एक महीना हो गया है। किसान आंदोलन का गुरुवार को 29वां दिन है।

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को दिल्ली की सड़कों पर डटे एक महीना हो गया है। किसान आंदोलन का गुरुवार को 29वां दिन है। सरकार की ओर से ताजा संशोधनों का प्रस्ताव भी किसानों ने ठुकरा दिया है, किसानों का कहना है कि सरकार बिना किसी शर्त के साथ बातचीत की टेबल पर आए। वहीं राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेता कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रपति को 2 करोड़ हस्ताक्षर का ज्ञापन सौंप दिया है। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया। हालांकि करीब आधे घंटे मंदिर मार्ग थाने में हिरासत में रखने के बाद छोड़ दिया गया।

Farmers protest

अपडेट-

केंद्र सरकार ने कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों को पत्र लिखकर उनसे वार्ता के लिए तारीख़ और समय बताने को कहा। साथ ही उन्हें उन अन्य मुद्दों की जानकारी देने के लिए भी कहा गया है जिन पर वो वार्ता करना चाहते हैं।

हिरासत में लिए गए प्रियंका गांधी, रॉबर्ट वाड्रा समेत अन्य कांग्रेस नेताओं को अब रिहा कर दिया गया है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि, जवान किसान का बेटा होता है, जो किसानों की आवाज ठुकरा रहा है, अपनी जिद्द पर अड़ा हुआ है जबकि देश का अन्नदाता बाहर ठंड में बैठा है तो उस सरकार के दिल में क्या जवान, किसान के लिए आदर है या सिर्फ अपनी राजनीति, अपने पूंजीपति मित्रों का आदर है?।

दिल्लीः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेता कृषि कानूनों के खिलाफ राष्ट्रपति को 2 करोड़ हस्ताक्षर का ज्ञापन सौंपने जा रहे थे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि, बीजेपी की सरकार किसानों के पेट पर लात मार रही है और हमारा कर्तव्य है कि हम किसानों के साथ खड़े रहें इसलिए हम लोग अपना कर्तव्य निभाएंगे।

कांग्रेस पार्टी द्वारा आज निकाले जाने वाले मार्च को कोई परमिशन नहीं मिली है। हालांकि, राहुल गांधी समेत तीन नेता राष्ट्रपति भवन जा सकेंगे। साथ ही नई दिल्ली इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है और राष्ट्रपति भवन के पास सुरक्षा को बढ़ाया गया है।

चाणक्यपुरी की एएसपी प्रज्ञा ने कहा कि जिन नेताओं को राष्ट्रपति भवन से अनुमति मिली है हम उनको राष्ट्रपति भवन जाने देंगे।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर मोदी सरकार को घेरा है। राहुल ने लिखा कि भारत के किसान ऐसी त्रासदी से बचने के लिए कृषि-विरोधी क़ानूनों के ख़िलाफ़ आंदोलन कर रहे हैं, इस सत्याग्रह में हम सबको देश के अन्नदाता का साथ देना होगा।

कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस नेताओं के साथ राहुल गांधी। राहुल गांधी के नेतृत्व में आज कांग्रेस सांसद विजय चौक से राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे और राष्ट्रपति को 2 करोड़ हस्ताक्षर का एक ज्ञापन सौंपेंगे।