newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

सोनिया गांधी की संपत्ति 15 साल में बढ़ी 12 गुना, जानिए आखिर कहां से हो रही है कमाई, क्या है जरिया

Sonia Gandhi Assets: सोनिया गांधी के हलफनामे की माने तो उनके पास दिल्ली में कोई अपना निजी घर नहीं है। हालांकि एग्रीकल्चर लैंड जरूर है। उनके नाम दिल्ली के डेरामंडी गांव में तीन बीघा जमीन है, जिसकी मौजूदा कीमत 5 करोड़ 88 लाख 81 हजार 813 रुपए हैं।

नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की संपत्ति पिछले 15 सालों में 12 गुना बढ़ी है। बता दें कि सोनिया गांधी इन दिनों राजनीति में अधिक उम्र के चलते ज्यादा सक्रिय नहीं है लेकिन उनकी सालाना कमाई में लगातार वृद्धि देखी गई है। जनसत्ता की एक खबर के मुताबिक यूपी के रायबरेली से लोकसभा सांसद सोनिया गांधी ने जब 2019 में चुनाव आयोग के सामने अपनी संपत्ति को लेकर हलफनामा दिया था तो उसमें उन्होंने करीब पौने 12 करोड़ रुपए के आसपास अपनी संपत्ति बताई थी। वहीं इस संपत्ति को 2004 में दिए गए हलफनामे से मेल कराएं तो इसमें 12 गुना की बढ़ोतरी हुई है। बता दें कि, चार लोकसभा चुनावों के इनकम एफिडेविट के अनुसार सोनिया गांधी की संपत्ति 2004 में करीब 85,68,694 रुपए थी वहीं 2009 में ये बढ़कर 1,37,94,768 रुपए बताया गया था। इसके अलावा 5 साल बाद जब 2014 में लोकसभा के चुनाव हुए तो उसमें सोनिया गांधी की संपत्ति को लेकर जो हलफनामा दिया गया उसमें उनकी संपत्ति में 8 करोड़ रुपए का इजाफा पाया गया। उस दौरान उनकी कुल संपत्ति करीब 9,28,95,288 रुपए पहुंच गई थी।

Sonia Gandhi

हालांकि सत्ता से कांग्रेस 2014 में ही बाहर हो गई थी। ऐसे में इसका असर सोनिया गांधी की संपत्ति पर भी देखने को मिला। 2014 से 2019 के बीच सोनिया गांधी की संपत्ति में महज 2.53 करोड़ रुपए का इजाफा देखा गया। मालूम हो कि 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में सोनिया गांधी ने अपनी संपत्ति 11,82,63,916 रुपए बताई थी।

सोनिया गांधी ने अपने चुनावी हलफनामे में सोने-चांदी के अलावा कई बांड की जानकारी दी है। इसमें एग्रीकल्चर जमीन भी शामिल है। हलफनामे में बताया गया कि इन सबसे ही हो रही कमाई के जरिए इनकम में इजाफा होता है। बता दें कि सोनिया गांधी के पास 88 किलो चांदी और 1267.30 ग्राम सोना मौजूद है। सोनिया गांधी ने अपना पीपीएफ अकाउंट भी खुलवाया हुआ है, जिसमें 72,25,414 रुपए जमा है।

Sonia gandhi

सोनिया गांधी के हलफनामे की माने तो उनके पास दिल्ली में कोई अपना निजी घर नहीं है। हालांकि एग्रीकल्चर लैंड जरूर है। उनके नाम दिल्ली के डेरामंडी गांव में तीन बीघा जमीन है, जिसकी मौजूदा कीमत 5 करोड़ 88 लाख 81 हजार 813 रुपए हैं। दिल्ली के ही महरौली के पास सोनिया गांधी ने सुल्तानपुर गांव में 12 बीघा जमीन ली है। इसकी कीमत 1,40,79,980 रुपए आंकी गई है।