newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rains Play Havoc: हिमाचल से दिल्ली तक बारिश का कहर, सड़क-पुल और गाड़ियां बहीं, 34 लोगों की मौत

उत्तर भारत में बारिश कहर बरपा रही है। जबरदस्त बारिश से पहाड़ों से लेकर मैदान तक हाहाकार मचा हुआ है। इंद्रदेव का ऐसा कोप पिछले करीब 2 दशक यानी 20 साल में लोगों ने नहीं देखा था। नतीजे में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से लेकर राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में कहर बरप गया है।

नई दिल्ली। उत्तर भारत में बारिश कहर बरपा रही है। जबरदस्त बारिश से पहाड़ों से लेकर मैदान तक हाहाकार मचा हुआ है। इंद्रदेव का ऐसा कोप पिछले करीब 2 दशक यानी 20 साल में लोगों ने नहीं देखा था। नतीजे में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों में तमाम जगह भूस्खलन हो रहे हैं। तेज बहती नदियां पुल बहाकर ले जा रही हैं और तमाम कस्बों में मलबा भर गया है। बारिश लगातार जारी रहने से भूस्खलन, घर गिरने, बादल फटने, बिजली गिरने की घटनाएं हुई है। इनमें अब तक 34 लोगों ने जान गंवाई है। मृतकों में सबसे ज्यादा 11 लोग हिमाचल प्रदेश के हैं। यूपी में 8 और उत्तराखंड में 6 लोगों की जान बारिश संबंधी घटनाओं में गई है। कई जगह लोग उफनती नदियों में फंस गए। जिनको बड़ी मशक्कत के बाद बचाया जा सका।

पहले बात हिमाचल की करते हैं। यहां मंडी और कुल्लू में बादल फटा। जिसके बाद ब्यास नदी में बाढ़ आ गई। ब्यास पर बने 3 पुल भी बह गए। सड़कें नदी में समा गईं। जिनकी वजह से गाड़ियां भी बहती दिखीं। हिमाचल के लिए मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे रेड अलर्ट जारी किया है। कुछ जगह के लिए ऑरेंज अलर्ट है। कुल्लू-मनाली में ब्यास नदी तमाम गाड़ियां बहा ले गई। हिमाचल में जगह-जगह भूस्खलन होने से 736 सड़कों पर आवाजाही रुक गई है। इनमें चंडीगढ़ से मनाली और मनाली से लेह हाइवे भी हैं। इनके अलावा 3 और हाइवे भी बंद करने पड़े हैं। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड मे भी ऑरेंज अलर्ट है। यहां भूस्खलन से 175 सड़कों को बंद करना पड़ा है। अब मैदानी इलाकों की तरफ रुख करते हैं। देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को भी भारी बारिश से हालात संगीन हो गए। इससे पहले शनिवार को भी दिल्ली में जबरदस्त बारिश से चारों तरफ लबालब पानी भरा था। दिल्ली सरकार के मुताबिक 41 साल बाद जुलाई के महीने में एक दिन में ही राजधानी में 153 मिलीमीटर बारिश हुई। तमाम मंत्रियों और पीएम आवास के लोक कल्याण मार्ग तक पर समंदर जैसा नजारा दिख रहा था।

हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली से होकर बहने वाली यमुना नदी में भी बाढ़ आने की आशंका है। दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में भी हालात विषम दिखे। यहां भी जबरदस्त बारिश की वजह से चारों तरफ पानी ही पानी दिख रहा था। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन दिल्ली और आसपास के इलाकों में और बारिश होने के आसार हैं। हरियाणा के अंबाला में शनिवार को 270 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। बारिश की वजह से दिल्ली और आसपास स्कूल भी बंद करने पड़े हैं। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, हापुड़ और फरीदाबाद में आज स्कूलों की छुट्टी रखी गई है। गाजियाबाद में भी बारिश के कारण आज स्कूल बंद हैं। हालांकि, यहां कांवड़ यात्रा के कारण 16 जून तक स्कूलों में छुट्टी रहेगी। अगर बारिश ऐसे ही हाहाकार मचाती रही, तो स्कूलों को आगे भी बंद रखा जा सकता है।