newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ram Navami Communal Violence: रामनवमी पर हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद अब महाराष्ट्र से लेकर बंगाल तक ये है हालात, स्मृति ने ममता को घेरा

रामनवमी के मौके पर गुजरात के वडोदरा और महाराष्ट्र के संभाजीनगर से पश्चिम बंगाल के हावड़ा तक जमकर सांप्रदायिक हिंसा हुई। संभाजीनगर में रामनवमी से एक दिन पहले हिंसा की शुरुआत हुई थी। जबकि, हावड़ा में रामनवमी के एक दिन बाद शुक्रवार को भी हिंसा हुई। बिहार के सासाराम और नालंदा में भी हिंसा की घटनाएं हुई थीं।

नई दिल्ली। रामनवमी के मौके पर गुजरात के वडोदरा और महाराष्ट्र के संभाजीनगर से पश्चिम बंगाल के हावड़ा तक जमकर सांप्रदायिक हिंसा हुई। संभाजीनगर में रामनवमी से एक दिन पहले हिंसा की शुरुआत हुई थी। जबकि, हावड़ा में रामनवमी के एक दिन बाद शुक्रवार को भी हिंसा हुई। इन जगहों के अलावा बिहार के सासाराम और नालंदा में भी हिंसा की घटनाएं हुई थीं। इन सभी जगह फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने वीडियो जारी कर पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार को घेरा है। स्मृति ने आरोप लगाया है कि हावड़ा के शिबपुर में रामनवमी पर शोभायात्रा निकालने वालों ने प्रशासन से 100 मीटर के एक हिस्से में सुरक्षा देने की अपील की थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। स्मृति ने सवाल उठाया कि ममता बनर्जी आखिर कब तक हिंदुओं के साथ ऐसा व्यवहार करेंगी।

हावड़ा के शिबपुर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद मंदिर को भी दंगाइयों ने निशाना बनाया था। इसके अलावा आसपास रहने वाले हिंदुओं के घरों पर भी जमकर पत्थर फेंके थे। पत्रकारों को भी पथराव का निशाना बनाया गया था। इसके बाद केंद्र सरकार के प्रतिनिधि गवर्नर सीवी आनंद बोस ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने ममता बनर्जी को तलब किया और लंबी गोपनीय बातचीत की। इसके बाद बंगाल के गृह सचिव भी गवर्नर से मिलने गए। गवर्नर ने अपने दफ्तर में 24 घंटे हालात की मॉनिटरिंग करने के लिए टीम बिठाई है। पश्चिम बंगाल सरकार ने उनको भरोसा दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे और शिबपुर हिंसा के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। आप नीचे दिए इन ट्वीट्स में देखिए कि शिबपुर हिंसा के बारे में वहां कवरेज करने गए पत्रकारों ने क्या बताया है।

अब हावड़ा से बिहार की तरफ बढ़ते हैं। बिहार के सासाराम और नालंदा में भी शुक्रवार को हिंसा की घटनाएं हुई थीं। नालंदा में 5 लोगों को गोली लगने की खबर न्यूज चैनल आजतक ने दी है। दोनों ही जगह प्रशासन ने घटना के बाद सख्ती बरती है। धारा 144 लगाकर सासाराम और नालंदा को छावनी में तब्दील किया गया है। उधर, झारखंड के जमशेदपुर में रामनवमी के बाद अखाड़ों और प्रशासन में टकराव की हालत है। प्रशासन ने अखाड़ों के डीजे और बड़े वाहन जब्त कर लिए थे। इसके खिलाफ अखाड़े आंदोलन कर रहे हैं।

nalanda
बिहार के नालंदा में शुक्रवार को हुई सांप्रदायिक हिंसा के दौरान ये नजारा देखा गया था।

पश्चिम बंगाल और बिहार के बाद अब बात महाराष्ट्र के संभाजीनगर की। संभाजीनगर में भी हालात फिलहाल शांतिपूर्ण हैं। यहां भी घटना वाली दोनों जगहों पर बड़ी तादाद में पुलिस की तैनाती की गई है। सूत्रों के मुताबिक तमाम लोगों की गिरफ्तारी की गई है। वडोदरा में भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दंगाइयों को घरों से निकालकर गिरफ्तार किया है। यहां भी दो बार पथराव हुआ था। फिलहाल वडोदरा में भी घटनास्थल पर बड़ी तादाद में पुलिस तैनात है।