newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Dissent In Congress: ‘चाटुकारों को हटाओ वरना धरने पर बैठूंगा’, कांग्रेस के बुजुर्ग नेता अजीज कुरैशी की सोनिया गांधी को चेतावनी

कांग्रेस की दुर्दशा से नाराज नेताओं की जुबान खुलने का सिलसिला जारी है। पहले गुलाम नबी आजाद ने पार्टी छोड़ी। फिर आनंद शर्मा और मनीष तिवारी ने कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के तौर तरीके पर सवाल उठाए। अब पार्टी के बुजुर्ग नेता और पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने कांग्रेस की मौजूदा हालत पर सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी है।

भोपाल। कांग्रेस की दुर्दशा से नाराज नेताओं की जुबान खुलने का सिलसिला जारी है। पहले गुलाम नबी आजाद ने पार्टी छोड़ी। फिर आनंद शर्मा और मनीष तिवारी ने कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के तौर तरीके पर सवाल उठाए। अब पार्टी के बुजुर्ग नेता और पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी ने कांग्रेस की मौजूदा हालत पर सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने अपनी चिट्ठी में साफ लिखा है कि पार्टी से चाटुकारों को हटा दीजिए, वरना मैं धरने पर बैठ जाऊंगा। अजीज कुरैशी की इस चिट्ठी पर बीजेपी को फिर हमलावर होने का मौका मिल गया है। मध्यप्रदेश के मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि अजीज कुरैशी की बात सही है। कांग्रेस में गांधी परिवार की चिंता लोग ज्यादा करते हैं। भूपेंद्र सिंह ने ये भी कहा कि ऐसे दल चाटुकारों के कारण चलते हैं। इसी वजह से कांग्रेस की आज ये हालत है।

अजीज कुरैशी ने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन के पिछले दो चुनाव में कार्यकर्ताओं से धोखाधड़ी हुई। उन्होंने लिखा है कि पार्टी में साजिश करने वालों का एक गिरोह बन गया है। ये लोग जिलों पर कब्जा किए हुए हैं। ऐसे कांग्रेसियों ने पार्टी को बर्बाद कर दिया है। ये न खुद जीत सकते हैं और न ही नए उम्मीदवारों को जिताने की क्षमता रखते हैं। अजीज ने चिट्ठी में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की तारीफ की है। दोनों नेताओं के बारे में अजीज ने लिखा है कि ये कांग्रेस की तस्वीर बदल सकते हैं, लेकिन इनके आसपास भी चाटुकारों और दो नंबर के कांग्रेसियों की फौज इकट्ठा हो गई है।

sonia gandhi

अखबार के मुताबिक अजीज कुरैशी ने मध्यप्रदेश में हाल में हुए नगर पालिका, नगर निगम और नगर पंचायत चुनावों का उदाहरण दिया। इनके नतीजों के जरिए उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाए हैं। अजीज ने लिखा कि नगर निकायों के चुनाव में विधायकों के कहने पर टिकट बांटे गए। उसकी वजह से नतीजे भी दुर्भाग्यपूर्ण रहे हैं। इसके अलावा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में भी पार्टी ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। उन्होंने सोनिया गांधी से ऐसे जिलाध्यक्षों को भी पार्टी से तत्काल हटाने की मांग की है।