newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Action: दिल्ली पुलिस का अब Sulli Deals मामले में एक्शन, एप बनाने वाला इंदौर से गिरफ्तार

सुल्ली डील्स एप का मामला पिछले साल आया था। मोदी सरकार ने गूगल से कहकर एप को बंद करा दिया था। हाल ही में बुल्लीबाई एप के जरिए जब फिर मुस्लिम महिलाओं की फोटो की नीलामी की बात सामने आई और 4 आरोपियों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया, तो सुल्ली डील्स का मसला भी दोबारा सामने आया।

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने बुल्लीबाई एप के मामले में कार्रवाई के लिए केस दर्ज किया था, लेकिन उससे पहले उसके हत्थे मुस्लिम महिलाओं की फोटो को नीलाम करने वाले एक और एप सुल्ली डील्स को बनाने वाला चढ़ गया है। उसका नाम ओंकारेश्वर ठाकुर है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने ठाकुर को मध्यप्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया है। डीसीपी आईएफएसओ केपीएस मल्होत्रा के मुताबिक ओंकारेश्वर ठाकुर मुस्लिम महिलाओं को ट्रोल करने के लिए बने विशेष ट्विटर ग्रुप का सदस्य भी है। ठाकुर से पूछताछ के बाद अभी इस मामले में और गिरफ्तारियां करने की तैयारी स्पेशल सेल कर रहा है।

डीसीपी मल्होत्रा के मुताबिक आरोपी को इंदौर के न्यूयॉर्क सिटी टाउनशिप से दबोचा गया। वो 1996 में पैदा हुआ है। ओंकारेश्वर ठाकुर ने आईपीएस एकेडमी इंदौर से बीसीए किया है। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में उसने कहा है कि वो समुदाय विशेष की महिलाओं को बदनाम और ट्रोल करने के काम वाले एक गैंग का सदस्य है। ठाकुर ने पुलिस को ये भी बताया है कि उसने गिटहब पर एक कोड बनाया। गिटहब की पहुंच गैंग के सभी सदस्यों तक थी। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल्स को सुल्ली डील्स एप पर शेयर भी किया था। मुस्लिम महिलाओं की फोटो भी गैंग ने एप पर डाली थी।

bulli bai....

बता दें कि सुल्ली डील्स एप का मामला पिछले साल आया था। मोदी सरकार ने गूगल से कहकर एप को बंद करा दिया था। हाल ही में बुल्लीबाई एप के जरिए जब फिर मुस्लिम महिलाओं की फोटो की नीलामी की बात सामने आई और 4 आरोपियों को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया, तो सुल्ली डील्स का मसला भी दोबारा सामने आया। इसके बाद अब दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार किया है।