newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Mann Ki Baat: ड्रोन दीदी से लेकर वन्य जीवन संरक्षण तक, पीएम नरेंद्र मोदी ने मन की बात में जल-जंगल और लोगों के हित की योजनाओं का किया जिक्र

Mann Ki Baat: पीएम नरेंद्र मोदी ने आज अपने मन की बात कार्यक्रम में महिला शक्ति और वन्य जीव संरक्षण को प्रमुखता दी। उन्होंने समाज के हित में काम करने वाले व्यक्तियों और कंपनियों का भी उदाहरण अपने इस खास कार्यकम में दिया।

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने आज अपने मन की बात कार्यक्रम में महिला शक्ति और वन्य जीव संरक्षण को प्रमुखता दी। उन्होंने अपने कार्यक्रम में कई ड्रोन दीदी को जोड़ा और उनसे सीधे बात की। ड्रोन दीदी ने पीएम मोदी को बताया कि किस तरह ड्रोन से खेती आसान बन रही है और फसलों को कीड़ों से बचाने में सफलता मिली है। किसान भी अब इसका भरपूर फायदा उठाने लगे हैं। मन की बात में इस पर पीएम मोदी ने कहा कि देश में कोई क्षेत्र ऐसा नहीं है, जहां महिलाएं पीछे हों। प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण और स्वच्छता का उन्होंने उदाहरण दिया और कहा कि रसायनों से धरती मां को जो पीड़ा हो रही है, उससे बचाने में मातृ शक्ति अहम भूमिका निभा रही है।

पीएम ने मन की बात में महाराष्ट्र की कल्याणी पाटिल से भी बात की। कल्याणी ने बताया कि वो किस तरह पानी का संरक्षण करती हैं। मोदी ने अपने कार्यक्रम में सीता देवी का भी जिक्र किया कि वो कैसे तकनीकी से खेती के तौर-तरीके बदल रही हैं। मोदी ने कहा कि डिजिटल जगत की मदद से वन्य जीवन के साथ भी तालमेल बिठाया जा रहा है। 3 मार्च को विश्व वन्य जीव दिवस है। इसका जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की कोशिश से बाघ बढ़े हैं। महाराष्ट्र के चंद्रपुर का उन्होंने उदाहरण दिया, जहां बाघ 250 से ज्यादा हो गए हैं। चंद्रपुर में इंसान और बाघ के बीच संघर्ष को खत्म करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के इस्तेमाल की भी मोदी ने बात कही। मोदी ने बताया कि उत्तराखंड के रुड़की में रोटर प्रिसिजन ग्रुप ने वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की मदद से ड्रोन बनाकर घड़ियालों पर नजर रखने में मदद की है। बेंगलुरु की कंपनी ने बघीरा और गरुड़ नाम से एप बनाए हैं। बघीरा से जंगल सफारी में वाहनों पर नजर रखी जा सकती है। गरुड़ एप से रियल टाइम अलर्ट मिलता है।

पीएम मोदी ने कहा कि हम हजारों साल से प्रकृति और वन्य जीव के साथ सह अस्तित्व में रहे हैं। महाराष्ट्र के मेलघाट टाइगर रिजर्व में इसे लोग देख सकते हैं। यहां लोगों ने अपने घरों को होमस्टे में बदला है। पीएम मोदी ने ओडिशा के कालाहांडी जिले में बकरी पालने से ग्रामीणों की आजीविका बढ़ने और जीवन स्तर सुधरने का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसके लिए जयंती महापात्र और उनके पति वीरेंद्र साहू की भी खूब सराहना अपने मन की बात में की।