newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

कल्याण सिंह को PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि, मीडिया के सामने कहा- उन्होंने अपने नाम को साकार किया

PM Modi reached Kalyan Singh’s residence: कल्याण के पौत्र और यूपी सरकार में मंत्री संदीप सिंह के मुताबिक बीच में कल्याण सिंह की तबीयत सुधरने लगी थी, लेकिन पिछले करीब पांच-छह दिन से अचानक ज्यादा बिगड़ गई थी।

लखनऊ। पीएम नरेंद्र मोदी ने लखनऊ के 2 नंबर माल एवेन्यू स्थित सरकारी आवास पहुंचकर पूर्व सीएम कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ सीएम योगी आदित्यनाथ, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, यूपी बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी कल्याण सिंह के आवास पहुंचे। पीएम मोदी ने कल्याण सिंह को आम जनता के लिए काम करने वाला बताते हुए ट्वीट कर पहले ही याद किया था। राम मंदिर आंदोलन के बड़े चेहरे कल्याण सिंह का शनिवार देर शाम लखनऊ के एसजीपीजीआई में निधन हो गया था। वह 48 दिन से यहीं भर्ती थे।

Narendra Modi Kalyan Singh

कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने वालों में बीएसपी की सुप्रीमो मायावती, संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी हैं। दोनों ने आज सुबह उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर दोपहर 11 बजे से 1 बजे तक विधानसभा परिसर और फिर दोपहर 1 से 3 बजे तक बीजेपी के प्रदेश दफ्तर में आम लोगों के दर्शनों के लिए रखा जाएगा। शाम को उनका शव अलीगढ़ ले जाया जाएगा। जहां कल सुबह 10 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा।


इस मौके पर कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से बात करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कल्याण सिंह देश के कोने-कोने में विश्वास का नाम थे। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने अपने नाम को साकार किया। उन्होंने जीवन भर जन कल्याण का काम किया। आज हमने एक बड़ा नेता खो दिया। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह ने अपना पूरा जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया। हम कल्याण सिंह के सपनों को पूरा करने के लिए प्रयत्न करें। उन्होंने आगे कहा कि प्रभु श्री राम उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस क्षति को सहने की हिम्मत दे।

यूपी सरकार ने कल्याण सिंह के निधन पर 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। सोमवार को कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार के दिन पूरे राज्य में छुट्टी घोषित की गई है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत तमाम नेताओं ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताया है। अलीगढ़ के मढ़ौली गांव में कल्याण सिंह का पुश्तैनी घर है। गांव में उनके निधन से शोक की छाया है। गांव के लोगों का कहना है कि करीब 7 साल से कल्याण सिंह गांव नहीं आए, लेकिन हमेशा फोन कर लोगों से वह हालचाल लेते रहते थे।