newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

महाराष्ट्र में बाढ़ के हालात पर पीएम मोदी ने की CM उद्धव से बात, कहा- मिलेगी हर संभव मदद

Maharashtra Flood: महाराष्‍ट्र में मॉनसून जोरों पर है। मुंबई समेत राज्य के अनेक जिलों में तेज बारिश हो रही है। इसकी वजह से जगह-जगह पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

नई दिल्ली। महाराष्ट्र में मानसून के चलते भारी बारिश ने राज्य के हाल को बिगाड़ दिया है। बता दें कि भारी वर्षा के चलते बाढ़ के हालात बन गए हैं। इसको लेकर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की। इस बातचीत में पीएम मोदी ने राज्य को हुए नुकसान और बाढ़ को लेकर हर संभव मदद करने की बात कही। इसकी जानकारी उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर दी। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि, “महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से बात की जिसमें भारी वर्षा और बाढ़ के मद्देनजर महाराष्ट्र के प्रभावित हिस्सों में स्थिति पर चर्चा की। केंद्र से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। सभी की सुरक्षा और सलामती के लिए प्रार्थना करता हूं।”

उद्धव ठाकरे से बातचीत के बाद पीएम मोदी का ट्वीट

बता दें कि महाराष्‍ट्र में मॉनसून जोरों पर है। मुंबई समेत राज्य के अनेक जिलों में तेज बारिश हो रही है। इसकी वजह से जगह-जगह पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं कोंकण के रत्नागिरी के बाद सिंधुदुर्ग में भी बारिश ने तबाही मचाई हुई है। कई गांवों का संपर्क टूट चुका है। भारी बारिश की वजह से कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी हैं।

वहीं रत्नागिरी के चिपलुन इलाके में हालात बेकाबू हो चुके हैं। पुणे से एनडीआरएफ की टीम रवाना हो चुकी है। कोल्हापुर में जहां एनडीआरएफ की 2 टीमें भेजी गई हैं। वहीं, चिपलुन के लिए एक टीम रवाना हुई है।