newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

कानपुर एनकाउंटर : विकास दुबे के मकान से विस्फोटक और हथियारों का जखीरा बरामद

विकास दुबे कांड में पुलिस की तहकीकात जारी है। इसी बीच पुलिस को विकास दुबे के मकान में बने तहखाने से विस्फोटक और असलहों का जखीरा बरामद हुआ है।

नई दिल्ली। विकास दुबे कांड में पुलिस की तहकीकात जारी है। इसी बीच पुलिस को विकास दुबे के मकान में बने तहखाने से विस्फोटक और असलहों का जखीरा बरामद हुआ है। दो किलो विस्फोटक के साथ तमंचे, कारतूस, देसी बम और बम बनाने का सामान मिला है। इसकी जानकारी कानपूर पुलिस ने सोशल मीडिया पर दी है।

इस घटना की जांच में पता चला कि विकास दुबे ने पुलिस टीम को विस्फोटक से उड़ाने की साजिश रची थी। इससे साबित होता है कि नक्सली मानसिकता से विकास ने पुलिस पर हमला किया था। आईजी मोहित अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली थी कि किलेरूपी मकान में भारी मात्रा में असलहा रखा गया है। दीवारों में भी उसे चुनवाया गया है। इसलिए जेसीबी से दीवारें तुड़वाई गईं और तहखाना भी खुदवाया गया।

वहीं रविवार को तहखाने से छह तमंचे, 25 कारतूस, 15 देसी बम और दो किलो विस्फोटक मिला। बम बनाने का तमाम सामान मिला। आईजी ने बताया कि विस्फोटक क्या है, इसके लिए फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।

Vikas Dubey house

विकास दुबे अभी तक फरार चल रहा है। यूपी पुलिस ने उसपर रखी इनाम राशि को बढ़ा दिया है। बता दें कि अपराधी विकास दुबे की जानकारी देने वाले को उत्तर प्रदेश पुलिस एक लाख रुपये देगी। वहीं इस मामले में अब यूपी पुलिस ने विकास दुबे व उसके साथियों की धर पकड़ तेज कर दी है।