newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

पार्टी के सोशल मीडिया स्वयंसेवकों से बोले राहुल गांधी- कांग्रेस को केवल साहसी लोगों की जरूरत

Rahul Gandhi: यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब पंजाब कांग्रेस में कलह मचा हुआ है। इसके अलावा पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और गुजरात जैसे राज्यों के लिए कमर कस रही है।

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पार्टी के सोशल मीडिया स्वयंसेवकों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी को केवल साहसी लोगों की जरूरत है, न कि उन लोगों की, जो भाजपा से डरते हैं। गांधी ने कहा, बहुत सारे लोग कांग्रेस के बाहर हैं, जो डर नहीं रहे हैं, उनको अंदर लाओ। जो हमारे यहां डर रहे हैं, उनको बाहर निकालो। उन्होंने कहा, हमें बहादुर और साहसी लोगों की जरूरत है, यही हमारी विचारधारा है। राहुल गांधी ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि पार्टी के साथ वफादार नहीं रहने पर कांग्रेस नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाने में देर नहीं लगाने वाली है। कुछ लोगों को लगता है कि कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद द्वारा हाल ही में भाजपा में शामिल होने के लिए कांग्रेस छोड़ने पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। प्रसाद को गांधी परिवार का करीबी माना जाता था।

Rahul Gandhi
यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब पंजाब कांग्रेस में कलह मचा हुआ है। इसके अलावा पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों के लिए उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, गोवा, मणिपुर और गुजरात जैसे राज्यों के लिए कमर कस रही है। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए राज्य में बनी स्थिति सिरदर्द समान हो चुकी है।

Navjot Singh Siddhu Rahul Gandhi

बता दें कि पंजाब कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू और मौजूदा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच चल रही तनातनी अब और गंभीर रुप ले चुकी है। हालात इस कदर आ चुके हैं कि, कहा जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस में अब दो फाड़ होने की स्थिति बन चली है। गौरतलब है कि सिद्धू को पंजाब में कांग्रेस प्रदेश का अध्यक्ष बनाए जाने की खबरों के बीच मामला और खराब होता दिख रहा है। दरअसल पंजाब में सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी में जारी खींंचतान खत्म होने के बजाय बढ़ती चली जा रही है। हुआ यूं कि खबर आई कि, नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने की खबर को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का खेमा नाराज चल रहा है। ऐसे में संकेत मिल रहे हैं कि पंजाब कांग्रेस में दो फाड़ संभव है।