newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कई जगह बारिश, जानिए आपके राज्य में मौसम कैसा रहेगा

Weather Update: उत्तर भारत के राज्यों में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है। इससे लग रहा था कि कुछ दिनों में पारा काफी ऊंचाई तक जा सकता है, लेकिन अब एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय वाले राज्यों समेत उत्तर भारत के राज्यों में मौसम फिर करवट लेने जा रहा है। इससे कई जगह तापमान गिर सकता है।

नई दिल्ली। उत्तर भारत के राज्यों में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है। इससे लग रहा था कि कुछ दिनों में पारा काफी ऊंचाई तक जा सकता है, लेकिन अब एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय वाले राज्यों समेत उत्तर भारत के राज्यों में मौसम फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल यानी रविवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगह भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन राज्यों में आंधी आने के भी आसार हैं और बिजली गिरने की आशंका भी मौसम विभाग ने जताई है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए अलर्ट जारी किया है। यहां कई जिलों में ओले गिरने के साथ तूफानी हवाएं चल सकती हैं। राजधानी देहरादून समेत पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान भी मौसम विभाग ने लगाया है। आज और कल पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, यूपी और हिमाचल के कई जिलों में बारिश और ओले गिरने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी भारत में भी मध्यम स्तर की बारिश के साथ आंधी आ सकती है। पूर्वोत्तर भारत में आज से लेकर 1 अप्रैल तक आंधी आने के आसार हैं। हिमालय से सटे पश्चिम बंगाल के जिलों, सिक्किम, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा के साथ अरुणाचल प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिर सकती है।

इसी दौरान असम और मेघालय में भी कई जगह थोड़ी बहुत बारिश हो सकती है। नगालैंड में भी तमाम इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। बारिश और बर्फबारी से उपरोक्त सभी राज्यों में तापमान गिरने की संभावना है। इस साल लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में मौसम लगातार बदलता रहा है। एक बार फिर ऐसी ही स्थिति बन रही है। हालांकि, माना जा रहा है कि बारिश और बर्फबारी के इस दौर के बाद गर्मी बढ़नी शुरू हो जाएगी।