newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Delhi: कांग्रेस कार्यसमिति में कई नेताओं के निशाने पर आया गांधी खानदान, नेता बोले- अगर न सुधरे तो…

पंजाब समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में दुर्गति के बाद कांग्रेस कार्यसमिति CWC की रविवार को हुई बैठक में गांधी खानदान को कई नेताओं के वाक्यबाणों का भी सामना करना पड़ा। बैठक की अध्यक्षता पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी कर रही थीं।

नई दिल्ली। पंजाब समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव में दुर्गति के बाद कांग्रेस कार्यसमिति CWC की रविवार को हुई बैठक में गांधी खानदान को कई नेताओं की खरी-खरी का भी सामना करना पड़ा। बैठक की अध्यक्षता पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी कर रही थीं। इसमें राहुल गांधी और प्रियंका भी थे। बैठक में कांग्रेस के कामकाज के तरीकों पर सवाल उठाने वाले जी-23 के नेता गुलाम नबी आजाद, आनंदर शर्मा और मुकुल वासनिक भी मौजूद थे। इन नेताओं ने आलाकमान से साफ कहा कि हम पार्टी को मजबूत करना चाहते हैं, लेकिन कई नेता हमारा अपमान करते हैं। इसे बंद करवाइए।

CWC 2

सूत्रों के मुताबिक इन नेताओं ने राहुल गांधी और प्रियंका का नाम लिए बगैर उनपर तंज भी कसा। जी-23 के नेताओं ने कहा कि वे कांग्रेस के सदस्य हैं और उन्हें राजनीतिक पर्यटक न समझा जाए। बता दें कि यूपी के हाथरस और कुछ अन्य जगह हुई घटनाओं के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वहां गए थे। इसे बीजेपी ने राजनीतिक पर्यटन बताया था। सूत्रों का कहना है कि जी-23 के नेताओं ने सोनिया को ये सलाह भी दी कि पार्टी नेतृत्व को नारद मुनि और अफवाह फैलाने वालों से भी सजग रहने की जरूरत है।

Anand sharma And Sonia Gandhi

बैठक में आनंद शर्मा ने सवाल उठाया कि नेतृत्व को ये समझना चाहिए कि आखिर जनता कांग्रेस को हर बार खारिज क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि जरूरी कदम उठाने चाहिए और इस तरह पार्टी नहीं चल सकती। सूत्रों के मुताबिक एक नेता ने ये कहा कि कुछ लोग हमें बागी दिखा रहे हैं, जबकि हम लंबे समय से कांग्रेस के सदस्य हैं। वहीं, गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पार्टी को सामूहिक तौर पर आत्ममंथन करना चाहिए। जबकि, मुकुल वासनिक ने गांधी खानदान को आईना दिखाते हुए बताया कि जम्मू से नागपुर तक कांग्रेस के सिर्फ 14 लोकसभा सांसद हैं।