newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Saket Gokhle: विवादों में रहे साकेत गोखले को ममता ने बनाया राज्यसभा प्रत्याशी, पीएम मोदी पर गलतबयानी के आरोप में गिरफ्तार भी हुए थे

साकेत गोखले ने राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर ममता बनर्जी को धन्यवाद दिया है। साकेत ने इसके साथ ही टीएमसी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन को अपना मेंटर भी बताया है और उनको भी धन्यवाद दिया है। साकेत गोखले कई बार विवादों में घिरे। पीएम मोदी के बारे में गलत बयानी करने में गिरफ्तार भी हुए थे।

नई दिल्ली। विवादों में घिरे रहने वाले और पीएम नरेंद्र मोदी के बारे में गलत जानकारी फैलाने के आरोप में जेल जा चुके आरटीआई एक्टिविस्ट साकेत गोखले को ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया है। साकेत गोखले ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। साकेत गोखले ने राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर ममता बनर्जी को धन्यवाद दिया है। साकेत ने इसके साथ ही टीएमसी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रायन को अपना मेंटर भी बताया है और उनको भी धन्यवाद दिया है। साकेत गोखले ने पीएम मोदी और बीजेपी को हमेशा निशाने पर रखा। बीते साल ही साकेत ने टीएमसी ज्वॉइन की थी। ममता बनर्जी ने साकेत को टीएमसी का राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया था। साकेत पहले राहुल गांधी के करीबी भी रह चुके हैं।

साकेत गोखले और विवादों का चोली-दामन का साथ रहा है। साकेत ने गुजरात के मोरबी पुल हादसे पर पीएम मोदी के लिए एक ट्वीट किया था। इस ट्वीट में साकेत ने दावा किया था कि पीएम मोदी के मोरबी दौरे में काफी धन खर्च हुआ। साकेत पर गलत जानकारी देने का आरोप लगाकर गुजरात पुलिस ने जयपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। कई दिन जेल में गुजारने के बाद साकेत गोखले को जमानत मिली थी। मेघालय की एक कंपनी ने भी साकेत गोखले के खिलाफ मानहानि का केस किया था। साकेत ने मेघालय इको टूरिज्म इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट में 632 करोड़ की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया था।

saket and rahul
राहुल गांधी के भी करीबी रहे हैं साकेत गोखले। बाद में उन्होंने टीएमसी ज्वॉइन कर ली।

साकेत गोखले और विवादों का नाता यहीं खत्म नहीं हुआ। साकेत गोखले ने मोदी सरकार के मंत्री हरदीप सिंह पुरी की पत्नी लक्ष्मी पुरी की संपत्ति के बारे में ट्वीट किया था। इस पर लक्ष्मी पुरी ने साकेत गोखले के खिलाफ केस कराया था। दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में साकेत गोखले को लक्ष्मी पुरी के बारे में किए गए सभी ट्वीट हटाने का आदेश दिया था। साकेत गोखले ने खुद को टीएमसी की तरफ से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने पर कहा है कि वो सदन में अपनी बात उठाते रहेंगे।