newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Saket Gokhle Arrested Again: ममता के करीबी साकेत गोखले अब क्राउड फंडिंग धोखाधड़ी में गिरफ्तार, पहले पीएम मोदी पर लगाया था आरोप

अक्टूबर में गुजरात के मोरबी शहर में पुराना पुल टूट गया था। इस हादसे में 135 लोगों की जान गई थी। मृतकों में 55 बच्चे भी थे। मोदी इस हादसे के बाद वहां पहुंचे थे। साकेत गोखले पर आरोप है कि एक फर्जी आरटीआई का हवाला देकर उन्होंने मोदी के मोरबी दौरे में करोड़ों के खर्च होने की बात ट्विटर पर लिखी थी।

अहमदाबाद। गुजरात पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रवक्ता साकेत गोखले को फिर गिरफ्तार किया है। साकेत को गुरुवार देर शाम दिल्ली से गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया। क्राउड फंडिंग का दुरुपयोग करने के मामले में साकेत गोखले की गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले भी साकेत गोखले को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अहमदाबाद पुलिस के मुताबिक साइबर क्राइम ब्रांच ने साकेत को गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर उनको लाया जा रहा है। दिसंबर में ही साकेत तीसरी बार गुजरात पुलिस की तरफ से गिरफ्तार किए गए हैं। शुक्रवार दोपहर तक उनको अहमदाबाद लाया जाएगा। जिसके बाद कोर्ट में पेशी होगी।

saket gokhle 1

साकेत गोखले पहले आरटीआई एक्टिविस्ट थे। उनके पिता मुंबई पुलिस में काम करते थे। पीएम मोदी के घोर विरोधी साकेत ने बीते दिनों टीएमसी ज्वॉइन की थी। वो टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं। पिछले दिनों जब साकेत को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया था, तो टीएमसी के सांसद डेरेक ओ ब्रायन समेत कई नेता उनकी जमानत कराने के लिए अहमदाबाद भी पहुंचे थे। साकेत गोखले को पहले गुजरात पुलिस ने मोरबी पुल हादसे के मामले में पीएम मोदी के खिलाफ गलत खबर फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया था। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उनको पुलिस ने फिर गिरफ्तार किया था। दूसरी बार भी कोर्ट ने साकेत गोखले को जमानत दे दी थी।

saket gokhle 2

बता दें कि अक्टूबर में गुजरात के मोरबी शहर में पुराना पुल टूट गया था। इस हादसे में 135 लोगों की जान गई थी। मृतकों में 55 बच्चे भी थे। मोदी इस हादसे के बाद वहां पहुंचे थे। साकेत गोखले पर आरोप है कि एक फर्जी आरटीआई का हवाला देकर उन्होंने मोदी के मोरबी दौरे में करोड़ों के खर्च होने की बात ट्विटर पर लिखी थी। जबकि, ऐसा कोई आरटीआई दाखिल तक नहीं हुआ था। इस बार उनपर गुजरात पुलिस ने गंभीर आरोप लगाया है। ऐसे में साकेत गोखले को जमानत मिलने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।