newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Video: माला पहनकर सोफे पर बैठे यूपी के मंत्री संजय निषाद, आरती उतारते नजर आए कार्यकर्ता, वायरल हो रहा वीडियो

Video: संजय निषाद वर्तमान में यूपी विधान परिषद (MLC) के सदस्य हैं। निषाद साल 2021 में एमएलसी चुने गए थे। उत्तर प्रदेश में दूसरी बार बनी योगी सरकार में इन्हें मंत्री बनाया गया। संजय निषाद के पास योगी कैबिनेट में मत्स्य विभाग की जिम्मेदारी है।

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर वैसे तो कई तरह के वीडियोज रोजाना सामने आते रहते हैं। ये वीडियो कभी कभार खूब मजेदार होते हैं तो कभी-कभी आपको सोचने पर मजबूर कर देते हैं लेकिन इस वक्त जो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है उसमें उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के मंत्री और निषाद पार्टी (Nishad Party) अध्यक्ष संजय निषाद (Sanjay Nishad) सोफे पर गले में माला पहने हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है एक कार्यकर्ता पार्टी प्रमुख संजय निषाद की आरती कर उतार रहा है। अब ये वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। वीडियो को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार पर तंज भी कसा है।

Sanjay Nishad...

कार्यकर्ता गाते दिखे गीत

जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है उसमें मंत्री संजय निषाद एक कुर्सी पर बैठे हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने गले में माला भी पहनी हुई है। वहीं, एक कार्यकर्ता थाली में दीया जलाकर उनकी आरती उतारता हुआ दिखाई दे रहा है। इस दौरान बीच में एक और कार्यकर्ता आकर वो थाली लेता है और फिर आरती उतारने लग जाता है। वीडियो में पीछे से वहां मौजूद लोगों के गीत गाने की भी आवाजें आ रही होती है।

Sanjay Nishad

सपा ने वीडियो को लेकर कही ये बात

इस वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर करते हुए सपा ने लिखा, “स्वयं की आरती उतरवाते स्वयंभू स्वघोषित भगवान बीजेपी सरकार में मंत्री संजय निषाद को देख लीजिए। ये योगी सरकार के मंत्रियों का चाल चरित्र चेहरा है। भगवान में आस्था रखने के बजाय बीजेपी सरकार के मंत्रीगण अब खुद भगवान बन जाने पर उतारू हैं। शर्म आती है कि ऐसे नेता बीजेपी के मंत्री हैं।”


वीडियो पर संजय निषाद ने दी ये सफाई

अपने वीडियो के वायरल होने के बाद संजय निषाद का कहना है, “मैं निषाद राज का वंशज हूं। बड़ी संख्या में मेरे शिष्य हैं। मुझे मानने वाले भी है। गुरु पूर्णिमा के दिन मैं दौरे पर था। देर रात करीब 11 बजे घर पहुंचा। तो सब मेरा इंतजार कर रहे थे। मैंने भी उनकी इच्छा का सम्मान किया। इससे ज्यादा मैं क्या कह सकता हूं।”

Sanjay Nishad....

आपको बता दें, संजय निषाद वर्तमान में यूपी विधान परिषद (MLC) के सदस्य हैं। निषाद साल 2021 में एमएलसी चुने गए थे। उत्तर प्रदेश में दूसरी बार बनी योगी सरकार में इन्हें मंत्री बनाया गया। संजय निषाद के पास योगी कैबिनेट में मत्स्य विभाग की जिम्मेदारी है। संजय निषाद की पार्टी (निषाद पार्टी) और बीजेपी का गठबंधन विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) से पहले हुआ था।