newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Joe Biden And Modi: ‘भारत-अमेरिका की दोस्ती से दुनिया बेहतर बनेगी’, जो बाइडेन के ट्वीट पर पीएम मोदी बोले

अमेरिका में मोदी की यात्रा 21 से 24 जून तक थी। वहां मोदी की मौजूदगी में कई फैसले हुए। इनमें हथियारबंद एमक्यू9 बी प्रीडेटर ड्रोन की खरीद के अलावा भारत में लड़ाकू विमान के इंजन बनाने के लिए एचएएल और जनरल इलेक्ट्रिक (जीई) के बीच समझौता अति महत्वपूर्ण है। कई कंपनियों ने निवेश का एलान भी इस दौरान किया।

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन अब भी याद कर रहे हैं। जो बाइडेन ने रविवार को मोदी के साथ बिताए गए पलों का एक वीडियो ट्वीट किया। अपने ट्वीट में बाइडेन ने भारत और अमेरिका की दोस्ती को दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण बताया है। बाइडेन ने ट्वीट में लिखा कि अमेरिका और भारत के बीच की महत्वपूर्ण दोस्ती पहले से कहीं ज्यादा मजबूत, गतिमान और करीब है। बाइडेन के इस ट्वीट पर मोदी ने भी जवाब दिया। मोदी ने लिखा कि मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं। दुनिया की भलाई के लिए हमारे देशों की दोस्ती एक ताकत की तरह है। मोदी ने लिखा कि इससे दुनिया को बेहतर और टिकाऊ बनाया जा सकेगा। उन्होंने लिखा कि मेरी हाल की यात्रा हमारे बीच जुड़ाव को और मजबूत करेगी। देखिए बाइडेन का ट्वीट और उसपर मोदी का जवाब।

मोदी ने इससे पहले अमेरिका में अपने सभी कार्यक्रमों के वीडियो लगातार ट्वीट किए थे। व्हाइट हाउस में अपने भव्य स्वागत का वीडियो ट्वीट करते हुए उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी पत्नी जिल बाइडेन को शुक्रिया भी कहा था। मोदी ने मुलाकात के दौरान बाइडेन दंपति को बहुत अनोखे गिफ्ट दिए थे। जो बाइडेन के 80 साल 8 महीने की उम्र पूरी करने पर उनको मोदी ने 10 चीजें दान भी दी थीं। इनमें अनाज, गुड़, घी, नमक वगैरा था। भारत में ऐसी परंपरा है और मोदी ने दस दान देकर इस परंपरा को अमेरिका तक पहुंचाया। जिल बाइडेन को मोदी ने 7 कैरेट के करीब का लैब में बना हरे रंग का हीरा गिफ्ट किया था। उन्होंने दंपति को उपनिषद की कॉपी भी दी थी। मोदी ने दूसरी बार अमेरिकी संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। ऐसा करने वाले भारत के वो पहले पीएम हैं। मोदी के संबोधन के दौरान अमेरिकी सांसदों ने 15 बार खड़े होकर तालियां बजाईं। बाद में मोदी से ऑटोग्राफ लेने की अमेरिकी सांसदों में होड़ भी मची। किसी भारतीय नेता के प्रति इतना आग्रह अमेरिका में शायद पहले कभी नहीं देखा गया।

modi usa

अमेरिका में मोदी की यात्रा 21 से 24 जून तक थी। वहां मोदी की मौजूदगी में कई फैसले हुए। इनमें हथियारबंद एमक्यू9 बी प्रीडेटर ड्रोन की खरीद के अलावा भारत में लड़ाकू विमान के इंजन बनाने के लिए एचएएल और जनरल इलेक्ट्रिक (जीई) के बीच समझौता अति महत्वपूर्ण है। मोदी से मिलकर अमेजन के सीईओ ने भारत में रोजगार देने के लिए और 15 अरब डॉलर के निवेश का एलान किया। इसी तरह गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने 10 अरब डॉलर और बोइंग कंपनी ने 1 अरब डॉलर के निवेश का भरोसा दिया। माइक्रॉन ने एलान किया कि वो गुजरात में अपना चिप प्लांट लगाने के लिए 2.2 अरब डॉलर का निवेश करेगा। मोदी को बाइडेन दंपति ने राजकीय भोज दिया था। मोदी के सम्मान में अमेरिका के विदेश विभाग और उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी भोज दिया। इसके अलावा मोदी ने संयुक्त राष्ट्र के परिसर में योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पहली बार ऐसा हुआ, जब योग दिवस के कार्यक्रम में मोदी शामिल हुए।

biden t shirt to modi