newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Heatwave Alert For Many States: मौसम विभाग ने जारी किया कई राज्यों के लिए हीटवेव अलर्ट, लू से बचने के लिए बरतें ये सावधानियां

Heatwave Alert For Many States: मौसम विभाग ने गर्मी के बारे में पहले ही ये अनुमान लगाया था कि अन्य साल के मुकाबले इस बार तापमान बहुत ज्यादा होने वाला है। मौसम विभाग ने ये भी बताया था कि इस साल हीटवेव भी अन्य वर्षों के अनुपात में ज्यादा दिन तक रहेगी। ये अनुमान सही हो रहा है।

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन तक इन राज्यों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के कई हिस्सों, यूपी, मध्यप्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव का कहर दिखने जा रहा है। यूपी, राजस्थान और मध्यप्रदेश में हीटवेव बहुत ज्यादा रहने की आशंका है। इन राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल में भी भीषण गर्मी पड़ने वाली है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश के पूर्वी इलाकों, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ, ओडिशा और महाराष्ट्र के विदर्भ इलाकों में भी हीटवेव का असर रहने वाला है। बिहार, झारखंड, गोवा और कोंकण इलाके में भी काफी गर्मी पड़ेगी। हीटवेव के कारण अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। कुछ राज्यों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री से भी ऊपर जाने के आसार हैं। वहीं, मौसम विभाग ने ये भी बताया है कि दक्षिण भारत के प्रायद्वीपीय राज्यों में अगले 3 दिन तक बारिश होने की संभावना है। इससे इन राज्यों में रहने वालों को गर्मी से राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने गर्मी के बारे में पहले ही ये अनुमान लगाया था कि अन्य साल के मुकाबले इस बार तापमान बहुत ज्यादा होने वाला है। मौसम विभाग ने ये भी बताया था कि इस साल हीटवेव भी अन्य वर्षों के अनुपात में ज्यादा दिन तक रहेगी। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी देखें, तो जून के पहले हफ्ते में भी शिद्दत की गर्मी से ज्यादातर राज्यों में लोगों को राहत नहीं मिलने जा रही है। ऐसे में लोग मॉनसून का इंतजार कर रहे हैं। बहरहाल, हीटवेव से बचने के लिए दोपहर से शाम के बीच जरूरी होने पर ही घर से निकलें। साथ ही बाहर निकलने पर लू से बचने के लिए पानी पीते रहें। अपने सिर और कानों को कपड़े से ढक कर रखें। छाता लेकर निकलने से भी सूरज की तपिश से बचाव होता है। हीटवेव से बचने में आम का पना भी कारगर होता है। अगर हीटवेव के कारण बुखार आ जाए, तो शरीर को ठंडा रखने की व्यवस्था करें और डॉक्टर को जरूर दिखाएं।