newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Seoul Halloween Stampede: सियोल हैलोवीन भगदड़ के मृतकों में 97 महिलाएं, 19 विदेशियों ने भी गंवाई जान

अभी भी बताया जा रहा है कि 300 से ज्यादा लोगों का कुछ पता नहीं है। पुलिस इन्हें तलाश रही है। सियोल के मेयर यूरोप के दौरे पर थे। जो हादसे की जानकारी मिलने के बाद वहां से लौट आए हैं। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। लोगों को बताया गया था कि हैलोवीन पार्टी में एक सेलिब्रिटी आएगा।

सियोल। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में शनिवार रात हैलोवीन पार्टी के मौके पर मची भगदड़ में अब तक 151 लोगों के मारे जाने की खबर है। मृतकों में 97 महिलाएं और 54 पुरुष हैं। 19 विदेशी नागरिक भी मरने वालों में शामिल हैं। 150 से ज्यादा लोग भगदड़ में घायल हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर है। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। ये हादसा तब हुआ, जब इटिवॉन इलाके में हैमिल्टन होटल के पास एक संकरी सड़क पर हजारों की भीड़ इकट्ठा हो गई। यहां निकलने का रास्ता तंग होने की वजह से लोग एक-दूसरे से सट गए और फिर सांस लेने की दिक्कत होने लगी। कई लोगों को हार्ट अटैक हो गया। इससे अफरा-तफरी मची।

seoul halloween death

अफरा-तफरी मचते ही लोग यहां से निकलने की कोशिश करने लगे। इससे भगदड़ जैसे हालात बने। लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। उनको कुचलते हुए अन्य लोग वहां से भागने की कोशिश में थे। इसी वजह से इतने लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक सिर्फ हार्ट अटैक से ही 50 के करीब लोगों ने जान गंवाई है। सियोल में हुए इस हादसे के बाद देशभर में शोक का नजारा है। बचाव के काम में सियोल के अलावा आस-पास के जिलों के राहतकर्मियों को भी बुलाया गया। फिलहाल अस्पतालों में तीमारदारों की भीड़ दिख रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी अस्पतालों से बेड रिजर्व रखने के लिए कहा है। अभी भी बताया जा रहा है कि 300 से ज्यादा लोगों का कुछ पता नहीं है। पुलिस इन्हें तलाश रही है। सियोल के मेयर यूरोप के दौरे पर थे। जो हादसे की जानकारी मिलने के बाद वहां से लौट आए हैं। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस के अनुसार लोगों को बताया गया था कि हैलोवीन पार्टी में एक सेलिब्रिटी आएगा। हालांकि, इस सेलिब्रिटी के नाम का खुलासा नहीं किया गया था। शायद इसी वजह से वहां लोगों की तादाद इतनी हो गई थी।