newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Florida Covid Crisis: अमेरिका के फ्लोरिडा में कोरोना से हाहाकार, लाशों का लगा अंबार, ऑक्सीजन की भी कमी

Florida Covid Crisis: वेस्ट साइड कब्रिस्तान में दफनाने के लिए लाशों की कतार लगी हुई है। यहां के प्रबंधन ने कहा है कि इतनी लाशें पहले कभी नहीं देखी गईं। कोरोना की पहली लहर से भी ज्यादा विकट हालात अब बन गए हैं। एक कमरे में लाशों का इतना अंबार है कि वे छत तक पहुंच गई हैं। दिन-रात यहां के कर्मचारी गड्ढे खोदकर लाशों को दफनाने का काम कर रहे हैं।

वॉशिंगटन। अमेरिका के फ्लोरिडा में कोरोना ने हाहाकार मचा रखा है। हर रोज यहां 21000 से ज्यादा मामले आ रहे हैं। 17000 के करीब लोग हर दिन हॉस्पिटल में भर्ती कराए जा रहे हैं। औसतन हर रोज 200 लोगों की जान कोरोना ले रहा है। इससे कब्रिस्तानों में जगह की कमी पड़ गई है। अस्पतालों के मॉर्ग में भी लाशें रखने की जगह नहीं मिल रही है। वहीं, ऑक्सीजन की कमी से हॉस्पिटल बेहाल हैं। फ्लोरिडा में एडवेंट हेल्थ के हॉस्पिटल के मॉर्ग में लाशें रखने की जगह नहीं है। एक निजी टीवी चैनल ने ये खबर दी है। ये हालत तब है, जबकि फ्लोरिडा में करीब 66 फीसदी को कोरोना का टीका लग चुका है। 20 से 29 साल के सिर्फ 47 फीसदी को ही टीका लगा है। इसी उम्र के लोग कोरोना से ज्यादा ग्रस्त हो रहे हैं। एडवेंट हेल्थ की ओर से बताया गया है कि ऑरेंज, ओसियोला, पोक, सेमीनोल और वोलुसिया में उसने अपने 10 हॉस्पिटल्स में लाशों को रखने के लिए अलग से फ्रीजर मंगाए हैं।

Florid Corona Crisis

वेस्ट साइड कब्रिस्तान में दफनाने के लिए लाशों की कतार लगी हुई है। यहां के प्रबंधन ने कहा है कि इतनी लाशें पहले कभी नहीं देखी गईं। कोरोना की पहली लहर से भी ज्यादा विकट हालात अब बन गए हैं। एक कमरे में लाशों का इतना अंबार है कि वे छत तक पहुंच गई हैं। दिन-रात यहां के कर्मचारी गड्ढे खोदकर लाशों को दफनाने का काम कर रहे हैं। फ्लोरिडा में 20 कब्रिस्तानों का यही हाल है। हर आधे घंटे में औसतन 30 नए शव यहां पहुंच रहे हैं।

उधर, फ्लोरिडा के दर्जनों हॉस्पिटल में ऑक्सीजन की कमी भी हो रही है। फ्लोरिडा हॉस्पिटल एसोसिएशन ने 68 हॉस्पिटल के रिकॉर्ड देखने के बाद बताया कि यहां अगले दो दिन में ऑक्सीजन खत्म हो सकती है। डेल्टा वैरिएंट के फैलने की वजह से भर्ती होने वाले मरीजों में ऑक्सीजन कम हो जाती है। ऐसे ही ज्यादातर मरीज हॉस्पिटल्स में भर्ती हैं। गुरुवार को ही करीब साढ़े 16 हजार मरीजों को भर्ती कराया गया।

ऑक्सीजन मास्क की कमी के कारण भी तमाम कोरोना मरीजों को दिक्कत हो रही है। हॉस्पिटल्स लगातार अथॉरिटीज को फोन कर ऑक्सीजन और मास्क मांग रहे हैं। 1 जुलाई से ही यहां कोरोना इस तरह फैला है कि ऑक्सीजन की कमी से रोज दो-चार होना पड़ रहा है।