newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Earthquake In Taiwan: भूकंप के तेज झटकों से हिला ताइवान, रिक्टर पैमाने पर 6.3 और 4.6 मापी गई तीव्रता

ताइवान उस रिंग ऑफ फायर के ऊपर स्थित है, जहां जमीन के नीचे भूगर्भीय हलचल होती रहती है। यहां दो टेक्टोनिक प्लेट भी हैं। इन टेक्टोनिक प्लेटों के बीच जब घर्षण होता है, तो भूकंप आता है। ये वो इलाका है, जहां कई आसपास के देशों में सक्रिय ज्वालामुखी भी हैं। इनमें सबसे खतरनाक ज्वालामुखी क्राकाटोआ माना जाता है।

ताइपे। पिछले कुछ महीनों से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में काफी भूकंप आ रहे हैं। इनमें से कुछ हल्के, तो कुछ काफी तेज झटकों वाले रहे हैं। इस बार भूकंप ने ताइवान को हिलाया है। ताइवान में आज तड़के दो बार भूकंप के तेज झटके लोगों को महसूस हुए। दक्षिणी चीन सागर स्थित इस द्वीप में पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.3 मापी गई। तेज झटकों के कारण ताइवान के कई इलाकों में दहशत का आलम हो गया। लोग जान बचाने के लिए घरों से निकल आए। तमाम मीडिया एजेंसियों के मुताबिक ताइवान में 6.3 तीव्रता का जो भूकंप आया, उसका केंद्र धरती की सतह से 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप से अब तक किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। ताइवान सरकार ने लोगों को सुरक्षित इलाकों में रहने के लिए कहा है।

earthquake

ताइवान के मौसम विभाग के मुताबिक 6.3 तीव्रता का भूकंप आने के बाद रिक्टर पैमाने पर 4.6 तीव्रता का भूकंप भी दर्ज किया गया। भूकंप के दोनों झटके ताइवान के पूर्वी तट पर ज्यादा महसूस हुए। ताइवान के पूर्वी इलाकों में काफी कम ही लोग रहते हैं। ताइवान के ताइतुंग काउंटी में भूकंप का केंद्र था। दूसरा झटका कम तीव्रता का होने के कारण छोटे से इलाके में ही भूकंप महसूस किया गया। ताइवान के मौसम विभाग के मुताबिक भूकंप के दोनों झटके राजधानी ताइपे और आसपास महसूस नहीं किए गए हैं। हालांकि, दो झटके आने के बाद ताइवान में हर जगह प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति के लिए तैयारी कर ली है।

ताइवान उस रिंग ऑफ फायर के ऊपर स्थित है, जहां जमीन के नीचे भूगर्भीय हलचल होती रहती है। यहां दो टेक्टोनिक प्लेट भी हैं। इन टेक्टोनिक प्लेटों के बीच जब घर्षण होता है, तो भूकंप आता है। ये वो इलाका है, जहां कई आसपास के देशों में सक्रिय ज्वालामुखी भी हैं। इनमें सबसे खतरनाक ज्वालामुखी क्राकाटोआ माना जाता है। जिसने कई बार हजारों लोगों की जान अपने लावा और गरम राख के कारण ली है। ताइवान में हालांकि कोई सक्रिय ज्वालामुखी नहीं है। ताइवान की जमीन आम तौर पर पहाड़ी है और टेक्टोनिक प्लेटों के टकराने से बनी हुई है।