newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Biden Warns Putin: ‘अगर टैक्टिकल परमाणु हथियार इस्तेमाल किए तो…’, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन की रूस के पुतिन को सीधी चेतावनी

ये न्यूक्लियर हथियार छोटे होते हैं। इनमें कुछ सौ मीटर तक तबाही मचाने की ताकत होती है। जंग के मैदान में विपक्षी सेना के जवानों पर इन हथियारों से हमला किया जा सकता है। इससे बड़े इलाके में विध्वंस नहीं होता। छोटे मिसाइलों या बमवर्षक विमानों से इन टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियारों को युद्धक्षेत्र में गिराया जा सकता है।

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन को बड़ी चेतावनी दी है। मंगलवार को बाइडेन ने कहा कि अगर रूस ने यूक्रेन से जारी युद्ध में टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियार इस्तेमाल किए, तो उसे इसका बड़ा खामियाजा चुकाना होगा। पहली बार अमेरिका के राष्ट्रपति की तरफ से रूस को इस तरह की चेतावनी खुलेआम दी गई है। इससे पहले अमेरिकी सरकार के अफसर इस तरह की चेतावनी देते रहे हैं। एक पत्रकार ने बाइडेन से पूछा था कि अगर रूस टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियार का इस्तेमाल करे, तो अमेरिका का क्या रुख होगा?

बाइडेन की पुतिन को ये चेतावनी ऐसे समय आई है, जबकि पिछले कुछ दिन से ये चर्चा आम है कि अब यूक्रेन से जारी लंबी जंग को खत्म करने के लिए रूस टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियार इस्तेमाल कर सकता है। रूस लगातार यूक्रेन की राजधानी कीव समेत अन्य शहरों पर ताबड़तोड़ मिसाइल हमले कर रहा है। बिजलीघरों पर ज्यादातर मिसाइलें गिरी हैं। इससे यूक्रेनी शहरों के बड़े इलाके अंधेरे में डूब गए हैं। यूक्रेन में पिछले तीन-चार दिन से करीब 10 लाख लोग बिना बिजली के हैं। ठंड के मौसम में बिजली न होने से इन लोगों की हालत काफी खराब है।

tactical nuclear weapon

अब आपको बताते हैं कि टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियार क्या होते हैं? ये न्यूक्लियर हथियार छोटे होते हैं। इनमें कुछ सौ मीटर तक तबाही मचाने की ताकत होती है। जंग के मैदान में विपक्षी सेना के जवानों पर इन हथियारों से हमला किया जा सकता है। इससे बड़े इलाके में विध्वंस नहीं होता। छोटे मिसाइलों या बमवर्षक विमानों से इन टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियारों को युद्धक्षेत्र में गिराया जा सकता है। माना जाता है कि रूस के पास ऐसे सैकड़ों टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियार हैं। अमेरिका के पास भी ऐसे हथियार हैं। रूस और अमेरिका दुनिया के सबसे ज्यादा परमाणु हथियार वाले देश हैं। इनमें भी रूस के पास अमेरिका से ज्यादा परमाणु हथियार हैं।