newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Russia Attacks Ukraine: यूक्रेन पर रूसी हमले का Video आया सामने, अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने दी पुतिन को ये चेतावनी

कीव में हालात गंभीर हैं। यूक्रेन की सरकार ने सभी एयरपोर्ट बंद कर दिए हैं। इससे वहां फंसे भारतीय छात्रों को निकालने का काम भी ठप पड़ गया है। कीव से कल ही एयर इंडिया की एक फ्लाइट से करीब 250 भारतीय छात्र दिल्ली लौटे थे। अब भी वहां बड़ी तादाद में भारतीय छात्र फंसे हुए हैं।

कीव/वॉशिंगटन। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की तरफ से यूक्रेन के खिलाफ यूद्ध की घोषणा के बाद रूसी फौजें यूक्रेन में प्रवेश कर गई हैं। राजधानी कीव समेत कई शहरों से गोलाबारी की खबरें आ रही हैं। रूस की सेना ने अलगाववादी इलाकों डोनेत्स्क और लुहांस्क के रास्ते यूक्रेन में प्रवेश किया है। सड़कों पर रूस के टैंक और सैनिकों को ले जाने वाले वाहनों की कतारें तेजी से जाती दिखाई दे रही हैं। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना उकसावे के यूक्रेन पर किए गए हमले से बड़ी तादाद में निर्दोष नागरिकों के मरने की आशंका है और रक्तपात की सारी जिम्मेदारी रूस की है। वहीं, इससे पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में संरा के महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने रूस को तुरंत अपनी सेना वापस बुलाने के लिए कहा था, लेकिन पुतिन ने इसे अनसुना कर दिया है।

कीव में हालात गंभीर हैं। यूक्रेन की सरकार ने सभी एयरपोर्ट बंद कर दिए हैं। इससे वहां फंसे भारतीय छात्रों को निकालने का काम भी ठप पड़ गया है। कीव से कल ही एयर इंडिया की एक फ्लाइट से करीब 250 भारतीय छात्र दिल्ली लौटे थे। अब भी वहां बड़ी तादाद में भारतीय छात्र फंसे हुए हैं और उन्हें निकालने के लिए एयर इंडिया की आज दो और उड़ानें कीव जानी थीं। रूस के हमले के बाद अब ये फ्लाइट्स वहां नहीं जा सकेंगी। वहीं, कई और देशों के नागरिक भी यूक्रेन की राजधानी कीव समेत कई इलाकों में फंसे हुए हैं।

रूस ने कल ही कीव में अपना दूतावास बंद कर सारे स्टाफ को बुला लिया था। इसके बाद ही यूक्रेन के खिलाफ रूसी सैन्य कार्रवाई का अंदेशा खड़ा हो गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने साफ कह दिया था कि रूस अब अगले 48 घंटे में यूक्रेन पर हमला करने वाला है। रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने जंग का एलान करते हुए यूक्रेन को नए नाजियों का साथी बताते हुए उसके कई इलाकों में नरसंहार का आरोप भी राष्ट्रपति वोल्दोमोर जेलिंस्की पर लगाया था।