newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

कोरोना संकट के बीच आई अच्छी खबर, दुनियाभर में कोरोना के आधे से ज्यादा मरीज हुए ठीक

फिलहाल भारत में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं लेकिन अच्छी खबर ये है कि, आंकड़ों में बढ़ोतरी के बावूजद कोरोना संक्रमण की दर करीब-करीब स्थिर है।

नई दिल्ली। दुनियाभर में कोरोनावायरस के तांडव को देखते हुए अब हर कोई इसके वैक्सीन के आने का इंतजार कर रहा है। जिस तरह से कोरोना ने अपने शिकार करने की गति को तेज किया है वो चिंताजनक है। हालांकि इसके बीच एक अच्छी खबर सामने आई है। बता दें कि दुनियाभर में कोरोना के कुल मामलों में आधे से ज्यादा संक्रमित मरीज अब स्वस्थ हो चुके हैं। मरीजों के स्वस्थ होने के लिहाज से भारत छठे स्थान पर है।

Corona

कोरोना निगरानी पोर्टल वल्र्डोमीटर के आंकड़ों के अनुसार, दुनियाभर में शनिवार शाम तक कोविड-19 के कुल 78,02,860 मामले सामने आए हैं। इनमें से 44.33 लाख मामले अब बंद हो गए हैं। इनमें 90 फीसदी यानी 40,03,132 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 10 फीसदी यानी 4,30,012 मरीजों की मौत हुई है।

वहीं दुनियाभर में सक्रिय मामलों की बात करें तो कोरोना के 33.69 लाख सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 98 फीसदी यानी 33.15 लाख माइल्ड श्रेणी के हैं और दो फीसदी यानी 53,886 क्रिटिकल हैं। रोगियों के स्वस्थ होने के लिहाज से अमेरिका शीर्ष पर है। वहां 21 लाख से अधिक केस सामने आए जिनमें से 8.4 लाख से अधिक ठीक हुए हैं। इस सूची में ब्राजील दूसरे और रूस तीसरे स्थान पर है।

New Zealand Corona

फिलहाल भारत में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं लेकिन अच्छी खबर ये है कि, आंकड़ों में बढ़ोतरी के बावूजद कोरोना संक्रमण की दर करीब-करीब स्थिर है। स्वस्थ होने वालों की संख्या 1,54,330 हो गई है। जबकि उपचार करा रहे सक्रिय मरीजों की संख्या कहीं कम 1,45,779 है।

Coronavirus

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी आंकड़ों में कहा गया कि बीते चौबीस घंटों के दौरान रिकॉर्ड 11,458 मामले आए, जबकि 386 लोगों की मृत्यु हो गई। कोरोना रोगियों की संख्या 3,08,993 तक पहुंच गई है। कुल मृतकों का आंकड़ा 8884 हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली में शनिवार को एक दिन में सर्वाधिक 1547 लोग स्वस्थ्य होकर अपने घर लौटे हैं। यह अब तक एक दिन में सबसे ज्यादा स्वास्थ्य होने वाले मरीजों की संख्या है। राजधानी में अब तक 14945 लोग पूरी तरह स्वास्थ्य होकर घर लौट चुके हैं।