newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Corona: देश में Omicron वैरिएंट के मरीज बढ़कर हुए 717, दिल्ली और महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा कोरोना केस

दिल्ली और महाराष्ट्र में कोरोना के मरीजों की तादाद लगातार बढ़ रही है। कल मुंबई में नए मामले 70 फीसदी और दिल्ली में 50 फीसदी बढ़ गए। दिल्ली में मंगलवार को कोरोना के 496 मरीज मिले।

नई दिल्ली। पुदुचेरी में 2 और कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट वाले मरीज मिले हैं। इसके साथ ही देश में इस वैरिएंट के मरीजों की संख्या बढ़कर 717 हो गई। ओमिक्रॉन के सबसे अधिक 167 मरीज महाराष्ट्र में हैं। वहीं, दिल्ली 165 मरीजों के साथ दूसरे नंबर पर है। गुजरात में 78 ओमिक्रॉन मरीज हैं। तेलंगाना में 62 और तमिलनाडु में 45 मरीज हैं। उधर, दिल्ली और महाराष्ट्र में कोरोना के मरीजों की तादाद लगातार बढ़ रही है। कल मुंबई में नए मामले 70 फीसदी और दिल्ली में 50 फीसदी बढ़ गए। दिल्ली में मंगलवार को कोरोना के 496 मरीज मिले। यहां इससे पहले सोमवार को 331 मरीज मिले थे। इस साल 2 जून के बाद यहां एक दिन में कोरोना मरीज मिलने का ये सबसे ज्यादा केस है। पॉजिटिविटी रेट भी 0.89 फीसदी हो गया है। इसके बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने बयान जारी करते हुए यलो अलर्ट घोषित किया। इसके तहत नाइट कर्फ्यू, मेट्रो, रेस्तरां और बार में 50 फीसदी लोग होंगे। सिनेमा, स्पा, जिम वगैरा बंद कर दिए गए हैं। मेट्रो ट्रेन और बसों में भी 50 फीसदी लोग ही बैठकर सफर कर सकेंगे।

अन्य राज्यों की बात करें, तो महाराष्ट्र में कल कोई ओमिक्रॉन का मरीज नहीं मिला। मुंबई में कल 1377 और पूरे महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या 2172 हो गई। 15 अक्टूबर के बाद महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मरीज एक दिन में मिले। राज्य में 1098 मरीज ठीक होकर घर भी गए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने हालात को भांपते हुए पहले ही काफी सख्ती बरतनी शुरू कर दी थी। मुंबई में बीएमसी ने हर तरह की पार्टियों पर रोक लगाई है। इसके अलावा पूरे राज्य में धारा 144 के तहत एक जगह पर 5 या अधिक लोगों के एक साथ इकट्ठा होने पर भी रोक लगी हुई है। राज्य सरकार ने कहा है कि हालात को देखते हुए आगे सख्ती और बढ़ाई जा सकती है।

उधर, पंजाब में सरकार ने सख्ती शुरू कर दी है। यहां वैक्सीन की दोनों डोज लगाने वालों को ही 15 जनवरी से बसों, होटल, जिम और सिनेमा हॉल में एंट्री मिलेगी। उधर, चंडीगढ़ में वैक्सीन की दोनों डोज न लेने वाले अगर सार्वजनिक स्थानों पर गए, तो उनसे 500 रुपए जुर्माना लिया जाएगा। पुदुचेरी में भी ओमिक्रॉन के प्रसार के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। यहां भी सभी के लिए कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लेना जरूरी किया गया है। इसके बगैर लोगों को सार्वजनिक जगहों पर जाने की मंजूरी नहीं दी जाएगी।