newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Accident: यूपी में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा, देवरिया में बस से टकराई बोलेरो; 6 की मौत

यूपी में लगातार दूसरे दिन बड़े सड़क हादसे की खबर है। रविवार रात को अमेठी में बोलेरो और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की जान गई थी। ताजा हादसा देवरिया में हुआ है। यहां बोलेरो गाड़ी की यूपी रोडवेज की बस से टक्कर हो गई। इस हादसे में भी 6 लोगों की मौत हुई है।

लखनऊ। यूपी में लगातार दूसरे दिन बड़े सड़क हादसे की खबर है। रविवार रात को अमेठी में बोलेरो और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की जान गई थी। ताजा हादसा देवरिया में हुआ है। यहां बोलेरो गाड़ी की यूपी रोडवेज की बस से टक्कर हो गई। इस हादसे में भी 6 लोगों की मौत हुई है। हादसे में 10 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए। बोलेरो इस तरह से तहस-नहस हुई कि उसमें से घायलों और शवों को निकालने में पुलिस के पसीने छूट गए। घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने प्रशासन को सभी घायलों की बेहतर देखभाल और इलाज कराने के निर्देश दिए हैं।

deoria accident 1

पुलिस के मुताबिक टक्कर के बाद रोडवेज की बस और बोलेरो दोनों ही पलट गईं। इससे ज्यादा लोग घायल हुए। बोलेरो में सवार लोग कुशीनगर के कोहड़ा गांव में एक तिलक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देवरिया लौट रहे थे। जब गौरीबाजार थाना इलाके के पननाहा गांव के पास बस से बोलेरो की टक्कर हुई। बस गोरखपुर से आ रही थी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों और शवों को निकालने के लिए कटर मंगवाना पड़ा। मरने वालों में बोलेरो में सवार 5 लोग और बस का 1 यात्री है।

deoria accident 2

पुलिस सूत्रों के मुताबिक हादसे में घायल हुए कई लोगों की हालत गंभीर है। ऐसे में मृतकों की संख्या भी बढ़ने की आशंका है। जिला अस्पताल में घायलों को रखा गया है। खुद सीएमओ डॉ. आलोक कुमार पांडेय यहां देखरेख कर रहे हैं। उनके अलावा डीआईजी श्रीपति मिश्र और डीएम जीतेंद्र प्रताप सिंह भी अस्पताल पहुंचे। मेडिकल कॉलेज से भी कई डॉक्टरों को बुलाकर घायलों का इलाज किया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक घटना में हताहत लोगों के परिजनों को मुआवजा देने की संस्तुति मुख्यमंत्री के दफ्तर तक भेजी गई है।