newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Gujarat: गुजरात की जनता को PM मोदी का एक और तोहफा, रोपैक्‍स फेरी सेवाओं को आठ नवंबर को दिखाएंगे हरी झंडी

Gujarat: रोपैक्‍स फेरी सेवा(Ferry Services) का विस्‍तार होगा। मुंबई(Mumbai) से पीपावाव तक और पीपावाव से सूरत, सूरत से दीव तक के जलमार्ग को भी रो पैक्स फेरी के जरिए जोड़ने की योजना है।

नई दिल्ली। गुजरात के लोगों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सी प्‍लेन के बाद एक और बड़ी सुविधा देने जा रहे हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 नवंबर को गुजरात के घोघा और हजीरा के बीच रोपैक्‍स फेरी (RO Pax Ferry) सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे लोगों को घोघा से हजीरा जाने में अब काफी कम समय लगेगा। बता दें कि रोपैक्‍स फेरी सेवा का विस्‍तार होगा। मुंबई से पीपावाव तक और पीपावाव से सूरत, सूरत से दीव तक के जलमार्ग को भी रो पैक्स फेरी के जरिए जोड़ने की योजना है। पीएम मोदी रोपैक्‍स फेरी के साथ-साथ नवनिर्मित रो-रो टर्मिनल का भी उद्घाटन करेंगे। बता दें कि घोघा और हजीरा के बीच सड़क मार्ग से दूरी 370 किलोमीटर है। लेकिन फेरी सेवा के जरिए लोग समुद्र मार्ग के रास्ते जा सकेंगे जिसके बाद यह दूरी महज 60 किमी ही रह जाएगी। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को जानकारी दी कि मोदी इस सेवा को आठ नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे, जिसके बाद सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में स्थित दोनों स्थलों के बीच यात्रियों और भारी वाहनों की आवाजाही शुरू होगी।

PM Modi Civil

जानकारी देते हुए मनसुख मांडवीया ने बताया कि, इसके उद्घाटन से निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। सौराष्ट्र को दक्षिण गुजरात तथा मुंबई से जोड़ने से व्‍यापारियों का बड़े वर्ग को लाभ मिलेगा। बता दें कि सड़क मार्ग में ईंधन की खपत अधिक होती है तथा परिवहन में समय भी अधिक लगता है इसलिए जलमार्ग की अधिक से अधिक संभावनाओं को खोज कर उसकी सुविधाओं को शुरु करने का प्रयास किया जा रहा है।

PM Modi sea

मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के अन्य हिस्सों में भी इसी प्रकार की सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हजीरा में एक टर्मिनल का निर्माण किया गया है और सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। यह सेवा आठ नवंबर को आरंभ होगी और टिकटों की बुकिंग आरंभ हो चुकी है।’’ रोपैक्स फेरी वाहन से एक चक्कर में 550 तक यात्रियों, 30 ट्रकों, सात छोटे ट्रकों और 100 दोपहिया वाहनों को ले जाया जा सकेगा। यह सेवा हर मौसम में और ऊंची लहरों के बीच भी चालू रहेगी।