newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP: सपा के गढ़ मैनपुरी में बीजेपी वर्कर को पेट में मारी गोली, पहले भी एक बीजेपी कार्यकर्ता की हुई थी हत्या

मैनपुरी के एसपी अशोक कुमार राय के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है। अमन के घरवालों के मुताबिक उसे समाजवादी पार्टी यानी सपा के एक कार्यकर्ता ने गोली मारी। इससे पहले हाथरस में बीजेपी के एक नेता की संदिग्ध हालत में गोली लगने से मौत हो गई थी।

मैनपुरी। यूपी विधानसभा चुनाव के तीसरे दौर के दौरान रविवार को मैनपुरी के अवधनगर में बीजेपी के एक कार्यकर्ता को गोली मार दी गई। बीजेपी कार्यकर्ता का नाम अमन पांडेय है। उसके पेट में गोली लगी है। नाजुक हालत में उसे सैफई एम्स रेफर किया गया है। मैनपुरी के एसपी अशोक कुमार राय के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है। अमन के घरवालों के मुताबिक उसे समाजवादी पार्टी यानी सपा के एक कार्यकर्ता ने गोली मारी। इससे पहले हाथरस में बीजेपी के एक नेता की संदिग्ध हालत में गोली लगने से मौत हो गई थी।

up_police_logo

मैनपुरी के एसपी के मुताबिक अमन के घरवालों ने बताया है कि अवधनगर में शाम 6 बजे मतदान खत्म होने को था। उसी वक्त सपा के एक समर्थक ने अमन के पेट में तमंचे से गोली मार दी। बताया जा रहा है कि अमन और उस सपा कार्यकर्ता के बीच वोट को लेकर विवाद हो गया था। घायल अमन को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। घटना के बाद विरोध में बीजेपी के अन्य कार्यकर्ताओं ने स्टेशन रोड जाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर जाम खुलवाया।

इससे पहले हाथरस जिले में बीजेपी युवा मोर्चा के नेता कृष्णा यादव की संदिग्ध हालत में गोली लगने से मौत हो गई थी। कृष्णा के सिर में गोली लगी थी। गोली किन परिस्थितियों में लगी, इसका पता अभी तक नहीं चल सका है। यूपी में चुनाव के दौरान हिंसा वैसे तो नहीं हुई है, लेकिन ये दो बड़ी घटनाएं होने के बाद पुलिस मुख्यालय और सतर्क हो गया है। प्रदेश में अभी 4 दौर का मतदान होना है। अगला दौर 23 फरवरी को है। ऐसे में हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।