newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

BJP Manifesto Committee : लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की मैनिफेस्टो कमेटी घोषित, राजनाथ सिंह अध्यक्ष…जानिए समिति में और किसे किया गया शामिल

BJP Manifesto Committee : यह कमेटी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पार्टी का घोषणापत्र तैयार करने का काम करेगी। इस कमेटी में कुल 27 लोगों को शामिल किया गया है।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी ने आज अपनी मेनिफेस्टो कमेटी का ऐलान कर दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को सह संयोजक बनाया गया है। यह कमेटी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए घोषणापत्र तैयार करने का काम करेगी। इस कमेटी में कुल 27 लोगों को शामिल किया गया है। समिति में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी और राजीव चंद्रशेखर के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। कमेटी का गठन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया है। कमेटी से कहा गया है कि वह घोषणाएं तैयार करते समय युवाओं, महिलाओं, गरीबों और किसानों से जुड़ी बातों को ध्यान में रखें।

घोषणा पत्र समिति में कई राज्यों के सीएम और पूर्व सीएम को जगह दी गई है। मुख्यमंत्रियों में गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, असम के सीएम हिमंत विश्व शर्मा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव के नाम हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्रियों में शिवराज सिंह चौहान और वसुंधरा राजे के नाम शामिल हैं। जबकि, समिति के अन्य सदस्यों में पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, राधामोहन दास अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा शामिल हैं। इसके अलावा कमेटी में पीयूष गोयल, किरेन रिजिजू, हिमंता बिस्वा सरमा, विष्णुदेव साय, अनिल एंटनी, राजीव चंद्रशेखर, विनोद तावड़े, राधामोहन दास, ओपी धनखड़, तारीक मंसूर समेत कई और नेताओं को शामिल किया गया है। सूत्रों के मुताबिक इस बार का भारतीय जनता पार्टी का घोषणा पत्र गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। बीजेपी का इस बार का घोषणा पत्र मोदी के विजन 2047 के मद्देनजर देश को विकसित भारत बनाने की योजना पर भी आधारित होगा।