newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

मुंबई लाया गया पंडित जसराज का पार्थिव शरीर, गुरुवार को होगी अंत्येष्टि

प्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय संगीत गायक पंडित जसराज (90) का पार्थिव शरीर बुधवार को अमेरिका के न्यू जर्सी से मुंबई पहुंचा। जसराज का सोमवार को अमेरिका में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।

मुंबई। प्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय संगीत गायक पंडित जसराज (90) का पार्थिव शरीर बुधवार को अमेरिका के न्यू जर्सी से मुंबई पहुंचा। जसराज का सोमवार को अमेरिका में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। यह जानकारी जसराज के एक पारिवारिक प्रवक्ता ने दी। उनका पार्थिव शरीर एयर इंडिया के विमान एआई-144 में लाया गया। विमान बुधवार को दोपहर में मुंबई पहुंचा। इसके बाद पार्थिव शरीर को अंधेरी पश्चिम के वर्सोवा में उनके पारिवारिक आवास पर ले जाया गया।

Pandit Jasraj

पारिवारिक प्रवक्ता प्रीतम शर्मा ने कहा कि पंडित जसराज की पत्नी मधुरा, बेटी दुर्गा, बेटे सारंग और पोते ने उनका पार्थिव शरीर प्राप्त किया।

इमारत के परिसर में गुरुवार की सुबह पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, ताकि पंडित जसराज के प्रशंसक और अन्य लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें।

Pandit Jasraj

गुरुवार को दोपहर में विले पार्ले श्मशान में उनकी अंत्येष्टि पूरे राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी।

पंडित जसराज का सोमवार को न्यू जर्सी में निधन हो जाने की खबर ने संगीत की दुनिया को गमगीन कर दिया।

Pandit Jasraj

उनके निधन पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य कई केंद्रीय मंत्रियों ने दुख जताया है। साथ ही महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, सत्तारूढ़ शिवसेना के नेताओं के साथ ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व शीर्ष बॉलीवुड हस्तियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।