newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Rahul Gandhi: ‘अपील के नाम पर बचकानी कोशिश…’, संबित पात्रा के बाद किरेन रिजिजू ने किया राहुल गांधी पर तीखा वार

Rahul Gandhi: आज सोमवार, 3 अप्रैल को राहुल गांधी 11 दिन बाद सूरत जिला कोर्ट द्वारा सुनाए गए फैसले के खिलाफ याचिका दायर करने जा रहे हैं। राहुल गांधी अपने तीन वकीलों और परिवार-पार्टी के दिग्गज लोगों के साथ कोर्ट पहुंच रहे हैं। अब इस बीच केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है।

नई दिल्ली। बीते 23 मार्च 2023 को सूरत जिला अदालत ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को एक मामले में दोषी करार देते हुए 2 साल की सजा सुनाई। कोर्ट ने मामले में राहुल गांधी को 30 दिनों का जमानत भी दी थी। राहुल गांधी के पास इन 30 दिनों में फैसले के खिलाफ अपील का वक्त है। आज सोमवार, 3 अप्रैल को राहुल गांधी 11 दिन बाद सूरत जिला कोर्ट द्वारा सुनाए गए फैसले के खिलाफ याचिका दायर करने जा रहे हैं। राहुल गांधी अपने तीन वकीलों और परिवार-पार्टी के दिग्गज लोगों के साथ कोर्ट पहुंच रहे हैं। अब इस बीच केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है।

केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक के बाद एक दो ट्वीट कर राहुल गांधी और उनकी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधा। किरेन रिजिजू ने अपने पहले ट्वीट में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके परिवार और पार्टी के लोगों के साथ कोर्ट जाने को लेकर तंज कसा और कहा कि उनका समूह के साथ जाना केवल एक नाटक है। वहीं, अपने दूसरे ट्वीट में केंद्रीय कानून मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी सूरत जिला अदालत द्वारा सुनाए गए फैसले के खिलाफ अपील कर अदालत पर दबाव बनाने की बचकानी कोशिश कर रहे हैं लेकिन देश की सभी अदालतें कांग्रेस के इन हथकंडों से अछूती हैं।

आपको बता दें, इससे पहले आज बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस पर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को निशाने पर लेते हुए कहा कि ये लोग इतने लोगों को साथ ले जाकर अपील नहीं बल्कि तबाही मचाने की कोशिश से जा रहे हैं। आगे अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने सीधा सवाल पूछा और कहा कि, ‘गांधी परिवार के लोगों और सीएम अशोक गहलोत और भूपेश बघेल को साथ ले जा कर ये अदालत पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।’

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि राहुल गांधी को चार साल पुराने मामले में सजा सुनाई गई है। सूरत जिला कोर्ट ने 23 मार्च 2023 को फैसला सुनाते हुए राहुल गांधी को 2 साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने सजा के साथ ही राहुल गांधी को रिहाई भी दे दी थी। जिस मामले में राहुल गांधी घिरे हुए हैं वो विवाद उनके 2019 में दिए गए एक बयान के बाद शुरू हुआ था। राहुल गांधी ने 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए ये कह दिया था कि ‘सभी चोरो का सरनेम मोदी क्यों होता है’। बाद में उनके इसी बयान के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया गया था। अब इसी मामले में उन्हें 2 साल की सजा सुनाई गई है। कोर्ट के फैसले के बाद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता भी खत्म कर दी गई है। अब अगर राहुल गांधी को दायर करने जा रहे याचिका से सजा के फैसले में राहत मिलती है तो इससे उनकी लोकसभा सदस्यता बच जाएगी। अब देखना होगा कि आने वाले वक्त में क्या कुछ होता है।