लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजधानी लखनऊ के डफरिन अस्पताल में रविवार को पल्स पोलियो ड्राप पिलाकर अभियान की शुरूआत करेंगे। जिसके बाद प्रदेश के सभी जनपदों में पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह दस बजे अभियान की शुरूआत करेंगे। प्रदेश में पांच साल तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप दिया जाएगा। डफरिन अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधा वर्मा ने बताया कि कोविड के सभी नियमों का पालन करते हुए पोलियो अभियान की शुरूआत की जाएगी। प्रदेश में पोलियो अभियान के तहत 5 वर्ष तक के 3 करोड़ 40 लाख बच्चों को पोलियो का ड्रॉप दिया जाएगा। डीजी फैमिली वेलफेयर डॉ. राकेश दुबे ने बताया कि प्रदेश में पोलियो बूथों की संख्या एक लाख 10 हजार है।
इसके साथ ही प्रदेश में घर-घर जाकर पोलियो का ड्रॉप पिलाने के लिए 69 हजार टीमों का गठन किया गया है। प्रदेश में वैक्सीनेटर की संख्या तीन लाख तीस हजार है। पोलियो अभियान के लिए 23,000 सुपरवाइजर्स, 6,500 ट्रांजिट टीम और 1,700 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है।
वहीं प्रदेश में कोरोना पर लगाम लगाने में योगी सरकार सबसे आगे रही। बता दें कि प्रदेश में कोविड पर लगाम लगाने में योगी सरकार की नीतियां कारगर साबित हुई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश कोविड नियंत्रण पर सफलता के नए रिकॉर्ड दर्ज कर रहा है। कोरोना टेस्टिंग के बाद यूपी अब देश में सर्वाधिक कोविड वैक्सीनेशन करने वाला प्रदेश भी बन गया है। यूपी ने देश में सबसे अधिक 4,63,681 टीके लगा कर कोविड जांच के बाद वैक्सीनेशन में भी नंबर वन का खिताब हासिल किया है।
सबसे अधिक आबादी वाले उत्तर प्रदेश में 16 जनवरी को 22,643, जनवरी 22 को 1,01,006, जनवरी 28 को 1,71,198, जनवरी 29 को 1,68,834 टीके हेल्थ वर्कस को लगाए गए। प्रदेश में चार फरवरी को हेल्थ वर्कर्स का टीकाकरण पूरा करने के बाद पांच फरवरी को फ्रंट लाइन वर्कर्स का टीकाकरण शुरू किया जाएगा।