newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Cold Wave: पहाड़ों पर बर्फबारी और कोहरे से मैदानी इलाकों में शीतलहर जारी, जानिए नए साल में राहत मिलेगी या नहीं

Cold Wave: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पारा शून्य से नीचे 2.1 डिग्री पर दर्ज किया गया। वहीं, पहलगाम में तापमान शून्य से नीचे 3.9 और गुलमर्ग में शून्य से नीचे 3.5 डिग्री देखा गया। लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.8 डिग्री सेल्सियस पर पाया गया। लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में हालांकि पारा इससे काफी कम है।

नई दिल्ली। दिसंबर के बीच तक तो ज्यादा ठंड लोगों को महसूस नहीं हुई, लेकिन अब जैसे-जैसे जनवरी का महीना करीब आ रहा है, सर्दी और कोहरे ने परेशान करना शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल की पहाड़ियों में जमकर बर्फबारी हो रही है। इससे पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी और बिहार तक शीतलहर चल रही है। शीतलहर को बढ़ाने का काम कोहरा भी कर रहा है। कोहरे के कारण सूरज की रोशनी ठीक से नहीं आ रही और इससे लोगों को ठंड में कांपना पड़ रहा है। मैदानी इलाकों में पहाड़ की बर्फबारी ने गलन बढ़ा दी है। मौसम विभाग की मानें, तो अगले कुछ दिन तक सर्दी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

सर्दी का प्रकोप आने वाले दिनों में बढ़ने की संभावना है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में काफी घना कोहरा भी हो रहा है। इसकी वजह से रविवार को दिल्ली से कई उड़ानें भी प्रभावित हुई थीं। रेल संचालन में भी हर साल की तरह इस साल भी कोहरा बाधा बन रहा है। कोहरे के कारण ट्रेनों को कई इलाकों में धीमी रफ्तार में चलाना पड़ रहा है। कोहरा पंजाब और राजस्थान में भी है। पंजाब के अमृतसर और राजस्थान के चुरु में रविवार को इतना घना कोहरा था कि हाथ को हाथ नहीं सुझाई दे रहा था। मौसम विभाग के सूत्रों के मुताबिक इन इलाकों में आगे भी कुछ दिनों तक कोहरे से निजात मिलने के आसार नहीं हैं।

उधर, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी लगातार जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि 1 से 3 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान बर्फबारी के साथ बारिश भी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में अभी बर्फबारी के कारण पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पारा शून्य से नीचे 2.1 डिग्री पर दर्ज किया गया। वहीं, पहलगाम में तापमान शून्य से नीचे 3.9 और गुलमर्ग में शून्य से नीचे 3.5 डिग्री देखा गया। लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.8 डिग्री सेल्सियस पर पाया गया। लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में हालांकि पारा इससे काफी कम है।