newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi On Ship Hijacking: ‘हिंद महासागर में आतंकवाद और समुद्री लुटेरों पर कार्रवाई करता रहेगा भारत’, बुल्गारिया के राष्ट्रपति के धन्यवाद कहने पर पीएम मोदी का बयान

PM Modi On Ship Hijacking: बुल्गारिया के राष्ट्रपति रुमेन रादेव ने एक्स पर पोस्ट कर पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया था कि भारत ने समुद्री लुटेरों की गिरफ्त में आए जहाज पर कार्रवाई की और बुल्गारिया समेत अन्य देशों के नाविकों को सुरक्षित बचा लिया। ये पूरा मामला अरब सागर में भारत से करीब 2600 किलोमीटर दूर हुआ।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कहा है कि भारत समुद्र में आवाजाही की आजादी के पक्ष में है और हिंद महासागर इलाके में समुद्री लुटेरों और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने को प्रतिबद्ध है। पीएम नरेंद्र मोदी ने बुल्गारिया के राष्ट्रपति रुमेन रादेव की तरफ से अपने देश के नाविकों को बचाए जाने पर दिए गए धन्यवाद पर ये बात कही है। पीएम मोदी ने बुल्गारिया के राष्ट्रपति के एक्स पर किए गए सराहना पोस्ट के जवाब में उनको धन्यवाद दिया है और कहा है कि हमें खुशी है कि बुल्गारिया के 7 नागरिक सुरक्षित हैं और जल्दी ही अपने घर लौटने वाले हैं।

इससे पहले बुल्गारिया के राष्ट्रपति रुमेन रादेव ने एक्स पर पोस्ट कर पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया था कि भारत ने समुद्री लुटेरों की गिरफ्त में आए जहाज पर कार्रवाई की और बुल्गारिया समेत अन्य देशों के नाविकों को सुरक्षित बचा लिया। ये पूरा मामला अरब सागर में भारत से करीब 2600 किलोमीटर दूर हुआ। भारतीय नौसेना ने अपहृत जहाज के कर्मीदल के बारे में सूचना मिलने के बाद जबरदस्त कार्रवाई की थी। भारतीय नौसेना ने विमान के जरिए मारकोस कमांडो हवा से पैराशूट के जरिए जहाज पर उतारे थे। जिसके बाद जहाज पर कब्जा करने वाले सभी 35 समुद्री लुटेरों को गिरफ्तार कर कर्मीदल को मुक्त कराया। भारत हाल के दिनों में कई और जहाजों को भी समुद्री लुटेरों से बचा चुका है।

भारतीय नौसेना ने जहाज से इन सभी समुद्री लुटेरों (लाल घेरे में) को गिरफ्तार किया है।

समुद्री लुटेरे आमतौर पर सोमालिया के होते हैं। ये लुटेरे अरब सागर से आवाजाही करने वाले व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाते हैं। जहाजों को अपनी नावों से घेरकर ये समुद्री लुटेरे उस पर चढ़ जाते हैं और जहाज के कर्मीदल को बंधक बना लेते हैं। कई देशों की नौसेना के साथ ही भारतीय नौसेना ने भी इन समुद्री लुटेरों के खिलाफ अभियान चला रखा है। इस अभियान के लिए भारत की तारीफ पूरी दुनिया कर रही है।