newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

What Arvind Kejriwal Does In Tihar Jail: तिहाड़ जेल में अरविंद केजरीवाल रोज क्या करते हैं? सामने आई जानकारी

What Arvind Kejriwal Does In Tihar Jail: शराब घोटाला में गिरफ्तार अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ के जेल नंबर 2 में 14 गुणा 8 फिट के सेल में रखा गया है। उनके सेल में कुर्सी है। एक टीवी भी दिया गया है। अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में रोज क्या करते हैं, इसकी जानकारी सूत्रों ने दी है।

नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में हैं। उनको शराब घोटाला मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। बुधवार को आम आदमी पार्टी की नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा था कि गिरफ्तार होने के बाद केजरीवाल का वजन 4.5 किलो घट गया है, लेकिन तिहाड़ जेल प्रशासन ने आतिशी के इस दावे को गलत बताया था। तिहाड़ जेल प्रशासन का कहना है कि अरविंद केजरीवाल जब जेल लाए गए, तो उनका वजन 65 किलो था और अब भी वही है। अब जेल सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है कि तिहाड़ में अरविंद केजरीवाल अपना वक्त कैसे बिता रहे हैं।

बीते मंगलवार को पता चला था कि इससे पहली रात अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल में ठीक से सो नहीं सके। बुधवार को पता चला था कि उन्होंने योग किया और थोड़ी देर टहले। अब हिंदी अखबार अमर उजाला ने तिहाड़ जेल के सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि जेल में अरविंद केजरीवाल की दिनचर्या क्या है। अखबार ने बताया है कि तिहाड़ में अरविंद केजरीवाल ध्यान करते हैं। वो योग भी करते हैं। इसके अलावा किताबें भी पढ़ रहे हैं। जेल सूत्रों के हवाले से खबर है कि दिन में 2 बार अरविंद केजरीवाल ध्यान लगा रहे हैं।

केजरीवाल को जेल नंबर 2 में 14 गुणा 8 फिट के सेल में रखा गया है। उनके सेल में कुर्सी है। जिसपर बैठकर वो दिन के वक्त किताबें पढ़ते दिखते हैं। वो किताबें पढ़ने के अलावा कुछ लिखते भी हैं। केजरीवाल को एक टीवी भी दिया गया है, लेकिन उसका इस्तेमाल वो नहीं करते। अरविंद केजरीवाल को कोर्ट के आदेश से घर का बना भोजन मिल रहा है। उनको घर से तकिया, बिस्तर वगैरा लाने की भी मंजूरी मिली थी। केजरीवाल बोतलबंद पानी भी लेते हैं। इसकी भी सुविधा कोर्ट ने दी है। हर रोज उनका मेडिकल होता है। जिसमें ब्लड प्रेशर, वजन, शुगर का टेस्ट वगैरा किया जाता है। जब तक जमानत नहीं मिलती, तब तक केजरीवाल को तिहाड़ में ही रहना है। उनकी सेल के सामने हर वक्त 4 सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। साथ ही सीसीटीवी से भी अरविंद केजरीवाल पर नजर रखी जाती है।