newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

PM Modi Interview To Newsweek: अल्पसंख्यकों की हालत, भारत-चीन रिश्ते, लोकतंत्र और मीडिया की आजादी पर बेबाक बोले पीएम मोदी, न्यूजवीक से इंटरव्यू में क्या कहा जानिए

PM Modi Interview To Newsweek: न्यूजवीक अमेरिका की पत्रिका है, लेकिन दुनियाभर में इसकी पत्रकारिता को अहम माना जाता है। इसी न्यूजवीक पत्रिका को अब पीएम नरेंद्र मोदी ने इंटरव्यू दिया है। पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के बाद मोदी दूसरे ऐसे भारतीय पीएम हैं, जिनका इंटरव्यू न्यूजवीक पत्रिका ने किया है।

नई दिल्ली। न्यूजवीक अमेरिका की पत्रिका है, लेकिन दुनियाभर में इसकी पत्रकारिता को अहम माना जाता है। इसी न्यूजवीक पत्रिका को अब पीएम नरेंद्र मोदी ने इंटरव्यू दिया है। पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के बाद मोदी दूसरे ऐसे भारतीय पीएम हैं, जिनका इंटरव्यू न्यूजवीक पत्रिका ने किया है। अपने इस इंटरव्यू में मोदी ने अल्पसंख्यकों के हालात, भारत और चीन के सीमा विवाद, लोकतंत्र और मीडिया की आजादी समेत कई मसलों पर अपनी बात कही है।

अल्पसंख्यकों पर पीएम मोदी का बयान

न्यूजवीक पत्रिका को इंटरव्यू में पीएम मोदी ने भारत में अल्पसंख्यकों के हालात पर अपनी राय दी। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के अल्पसंख्यक यानी मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध, जैन, सिख और पारसी भारत में खुश हैं और संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की आदत है, जो दायरे से बाहर के लोगों से मिलने की कोशिश नहीं करते। भारत के अल्पसंख्यक भी अब इस नैरेटिव को मंजूर नहीं करते हैं। मोदी ने कहा कि जब योजनाओं की बात होती है, तो हमारी सरकार संतृप्ति कवरेज का नजरिया लेकर आई है। उन्होंने कहा कि ये नजरिया किसी खास समुदाय या भूगोल से जुड़े लोगों तक सीमित नहीं। योजनाएं सभी तक पहुंचने के लिए हैं। इसमें कोई भेदभाव नहीं हो सकता। चाहे वो पीएम आवास हों, शौचालय, पेयजल का कनेक्शन और ईंधन के अलावा कर्ज, स्वास्थ्य बीमा हो।

भारत-चीन रिश्तों पर ये बोले पीएम मोदी

मोदी ने भारत और चीन के बीच संबंधों को अहम बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से दोनों के बीच सीमा विवाद चल रहा है। जिसे तुरंत देखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत और चीन के बीच स्थिर और शांतिपूर्ण संबंद दोनों देशों के अलावा पूरी दुनिया के लिए अहम हैं। मोदी ने कहा कि उनको उम्मीद है कि राजनयिक और सैन्य कमांडरों के स्तर पर भारत और चीन के बीच जो बातचीत चल रही है, उससे सीमा पर शांति और स्थिरता बनाई रखी जा सकेगी।

लोकतंत्र और मीडिया की आजादी पर राय

पीएम मोदी ने कहा कि संविधान कहता है इसलिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र हमारे जीन में है। मोदी ने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के तौर पर भारत में 2019 के लोकसभा चुनाव में 600 मिलियन से ज्यादा लोगों ने वोट डाला था। अब 970 मिलियन वोटर अपने अधिकार का प्रयोग करने वाले हैं। मोदी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र आगे बढ़ने और काम करने में सक्षम है, क्योंकि यहां मीडिया इस बारे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि भारत में 1.5 लाख रजिस्टर्ड मीडिया हैं। उन्होंने कहा कि भारत और पश्चिमी देशों में कुछ लोग ऐसे हैं, जिन्होंने भारतीयों के साथ अपने विचार, भावनाओं और आकांक्षाओं को खो दिया है। ऐसे लोग वैकल्पिक वास्तविकता की प्रतिध्वनि सुनते हैं। ऐसे लोग मीडिया की आजादी कम होने की बात करते हैं।

लोकसभा चुनाव पर पीएम क्या बोले?

लोकसभा चुनाव के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि उनके पास वादे पूरे करने का शानदार ट्रैक रिकॉर्ड है। मोदी ने कहा कि लोग पहले इसके आदी थे कि वादे पूरे नहीं होते। लोगों को अब ये भरोसा है कि उन तक भी लाभ पहुंचेगा। मोदी ने कहा कि भारत 11वीं से 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया। पीएम ने कहा कि दूसरे कार्यकाल के अंत तक लोकप्रिय सरकारें भी समर्थन खोती हैं। दुनिया में सरकारों के प्रति असंतोष बढ़ा है। वहीं, भारत में सरकार के लिए समर्थन बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश को उम्मीद है कि हम तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेंगे।

पाकिस्तान को दी नसीहत

पीएम नरेंद्र मोदी ने न्यूजवीक को दिए इंटरव्यू में पाकिस्तान के बारे में भी अपनी राय दी। मोदी ने कहा कि पाकिस्तान के नए पीएम को उन्होंने बधाई दी है। मोदी ने कहा कि भारत ने हमेशा कहा है कि आतंकवाद और हिंसा से मुक्त माहौल में शांति, सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ाना जरूरी है। वहीं, इमरान खान को जेल में डालने के सवाल पर मोदी ने पाकिस्तान के आंतरिक मामलों में टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया।