newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Weather Update: बारिश, ओलावृष्टि और हीटवेव, जानिए मौसम विभाग का राज्यों के लिए ताजा अपडेट

Weather Update: मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि इस साल देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। गर्मी के बाद बारिश भी काफी होने की संभावना जताई गई है। इस साल जनवरी से मार्च के मध्य तक ठंड भी काफी पड़ी थी। हालांकि, अप्रैल के महीने में भी मौसम लगातार बदल रहा है।

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के पूर्वी और मध्य के इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान लगाया है। इन इलाकों में तेज हवा भी चलने के आसार हैं। ऐसा ही मौसम प्रायद्वीप के हिस्से में भी रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ इलाकों में बारिश और तेज हवा से मौसम ठंडा होगा। इन सभी जगह फिलहाल तेज गर्मी के कारण हीटवेव यानी लू की स्थिति देखी जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा में आज ओलावृष्टि हो सकती है। छत्तीसगढ़ में भी कई जगह सोमवार तक ओलावृष्टि होने की संभावना है। महाराष्ट्र के विदर्भ में 9 अप्रैल तक ओलावृष्टि होने की बात मौसम विभाग ने कही है। मौसम विभाग के अनुसार पूवोत्तर भारत के राज्यों में भी अगले 7 दिन तक मौसम बदल सकता है। इन राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश होगी और ओलावृष्टि का भी अनुमान मौसम विभाग ने लगाया है। यूपी के कई इलाकों में भी मौसम बदल सकता है। यहां कई जगह बारिश होने की संभावना जताई गई है। मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्सों में भी मौसम के करवट लेने के आसार पहले ही मौसम विभाग जता चुका है।

एक तरफ उत्तर भारत में मौसम करवट ले सकता है, तो दक्षिण भारत में तेज गर्मी की स्थिति बनी हुई है। आंध्र प्रदेश के रायलसीमा, तमिलनाडु और कर्नाटक के भीतरी इलाकों में हीटवेव का अलर्ट है। तेलंगाना में भी लू यानी हीटवेव की जानकारी मौसम विभाग ने दी है। जिन राज्यों में हीटवेव की स्थिति है, वहां लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों और दफ्तरों से न निकलने की सलाह मौसम विभाग ने दी है। मौसम विभाग पहले ही कह चुका है कि इस साल देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ने वाली है। गर्मी के बाद बारिश भी काफी होने की संभावना जताई गई है। इस साल जनवरी से मार्च के मध्य तक ठंड भी काफी पड़ी थी।