newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Red Fort: लाल किले पर पहुंचे नीरज चोपड़ा सहित ओलंपिक खिलाड़ियों का पीएम मोदी ने ऐसे करवाया सम्मान

Red Fort: देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, सोचिए भारत के पास अगर अपनी वैक्सीन नहीं होती तो क्या स्थिति होती, पोलियो की वैक्सीन भारत को मिलने में कितना वक्त लग गया था।

नई दिल्ली। देश की आजादी के 75वें वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजधानी दिल्ली में स्थित लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान पुष्पवर्षा भी की गई। बता दें कि यह पुष्पवर्षा पहली बार की जा रही है। इस दौरान देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, सोचिए भारत के पास अगर अपनी वैक्सीन नहीं होती तो क्या स्थिति होती, पोलियो की वैक्सीन भारत को मिलने में कितना वक्त लग गया था। लेकिन आज हमें गर्व है कि सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भारत में चल रहा है। 54 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगवा चुके हैं। कोविन जैसी ऑनलाइन व्यवस्था, डिजिटल सर्टिफिकेट की व्यवस्था सबको आकर्षित कर रहा। भारत में जिस तरह 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज देकर गरीब का चूल्हा जलते रखा है, वह काफी बड़ी बात है।

ओलंपिक खिलाड़ियों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले पर टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने गए खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया गया। राष्ट्रीय ध्वज को फहराने के बाद पीएम मोदी ने जब अपना संबोधन शुरू किया तो उन्होंने इन खिलाड़ियों का बड़ा गौरव के साथ सम्मान किया। पीएम मोदी ने लोगों से ओलंपिक खिलाड़ियों के लिए ताली बजवाकर उनका भरपूर सम्मान करवाया। बता दें कि इस तरह से सम्मान पाकर खिलाड़ी भी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि, भारत ने सदियों तक मातृ-भूमि, संस्कृति और आजादी के लिए संघर्ष किया है। आजादी की ललक इस देश ने सदियों तक छोड़ी नहीं। जय-पराजय आते रहे, लेकिन मन मंदिर में बसी आजादी की आकांक्षा कभी खत्म नहीं होने दी।

देश के बंटवारे को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि, हम आजादी का जश्न मनाते हैं, लेकिन बंटवारे का दर्द आज भी हिंदुस्तान के सीने को छलनी करता है। यह पिछली शताब्दी की सबसे बड़ी त्रासदी में से एक है। अब से 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में याद किया जाएगा।