newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Himachal Pradesh: ‘आलाकमान होश में आओ..’ प्रतिभा सिंह के CM की रेस से बाहर होने पर कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा

Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के सीएम की रेस से बाहर होने पर पार्टी दफ्तर के उनके समर्थक जमकर नारेबाजी कर रहे है इतना ही नहीं प्रतिभा सिंह के समर्थक वहीं पर धरने पर बैठ गए है। उनकी मांग है कि प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाया जाए। उनके समर्थक कांग्रेस दफ्तर के बाहर आलाकमान होश में आओ की नारेबाजी भी कर रहे है।     

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में नए मुख्यमंत्री का नाम फाइनल होने से पहले ही कांग्रेस पार्टी में बवाल देखने को मिल रहा है। हिमाचल में सीएम पर फाइनल मुहर लगने से पहले कांग्रेस पार्टी के अंदर एक बार फिर अंदरुनी कलह देखने को मिल रहा है। इसी बीच हिमाचल प्रदेश में सीएम को लेकर नया ट्विस्ट आया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह सीएम की रेस बाहर हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस आलाकमान ने हिमाचल के मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम को हरी झंडी दे दी है। आज शाम को अन्य पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करने बाद सुखविंदर सिंह के नए सीएम के तौर पर घोषणा की जा सकती है। इसी बीच सुखविंदर सिंह सुक्खू के सीएम बनने की घोषणा से पहले ही प्रतिभा सिंह के समर्थकों ने हंगामा किया है।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम सीएम की रेस से हटने पर पार्टी दफ्तर के बाहर उनके समर्थक जमकर नारेबाजी कर रहे है। इतना ही नहीं प्रतिभा सिंह के समर्थक वहीं पर धरने पर बैठ गए है। उनकी मांग है कि प्रतिभा सिंह को मुख्यमंत्री बनाया जाए। उनके समर्थक कांग्रेस दफ्तर के बाहर आलाकमान होश में आओ की नारेबाजी भी कर रहे है।

इसी बीच हिमाचल के मुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बात करते हुए कहा, मुझे कोई जानकारी नहीं है। अभी CLP की बैठक बुलाई गई है, 5 बजे बैठक होगी। आलाकमान ने क्या तय किया है मुझे उसकी जानकारी नहीं है। बता दें कि प्रतिभा सिंह का नाम मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा था। इसके अलावा सीएम की रेस में विक्रमादित्य सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री, हर्षवर्धन चौहान, राजेश धर्मानी का नाम शामिल बताया जा रहा था।

गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में रिवाज नहीं बदला है। पहाड़ी राज्यों में सत्ता परिवर्तन की पंरपरा रही है। इस बार राज्य की जनता ने कांग्रेस को सत्ता की चाबी सौंंपी है। हिमाचल की 68 में 40 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा के खाते में 25 सीटें आई है। वहीं अन्य को 3 सीट मिली है।