newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

President Droupadi Murmu: आज से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को मिलेंगी ये खास सुविधाएं, जानिए क्या हैं नियम

सुविधाओं की बात करें, तो मुर्मू को अगले 5 साल यानी रिटायरमेंट तक ये सबकुछ सरकार की तरफ से मिलता रहेगा। इसकी वजह ये है कि द्रौपदी मुर्मू राष्ट्र प्रमुख के सबसे ऊंचे संवैधानिक पद को संभाल रही हैं। राष्ट्रपति के तौर पर द्रौपदी मुर्मू देश की पहली नागरिक होंगी।

नई दिल्ली। द्रौपदी मुर्मू आज से देश के 15वें राष्ट्रपति का पद संभाल रही हैं। इसके साथ ही उन्हें तमाम ऐसी सुविधाएं मिलनी शुरू हो गई हैं, जो न तो प्रधानमंत्री को मिलती हैं और देश के किसी अन्य नागरिक को। इन सुविधाओं की बात करें, तो मुर्मू को अगले 5 साल यानी रिटायरमेंट तक ये सबकुछ सरकार की तरफ से मिलता रहेगा। इसकी वजह ये है कि द्रौपदी मुर्मू राष्ट्र प्रमुख के सबसे ऊंचे संवैधानिक पद को संभाल रही हैं। राष्ट्रपति के तौर पर द्रौपदी मुर्मू देश की पहली नागरिक होंगी। इसके साथ ही वो तीनों सेनाओं की कमांडर इन चीफ की भूमिका भी निभाएंगी। रिटायरमेंट के बाद उनकी सुविधाएं कुछ कम हो जाएंगी, लेकिन फिर भी तमाम सुविधाएं उन्हें जारी रहेंगी।

droupadi murmu with ramnath kovind

बतौर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को हर महीने 5 लाख रुपए की तनख्वाह मिलेगी। इस तनख्वाह पर कोई आयकर नहीं चुकाना होगा। तनख्वाह के अलावा मुर्मू को हर महीने कई तरह के भत्ते भी मिलेंगे। आवास के तौर पर 340 कमरे वाला राष्ट्रपति भवन उनके पास होगा। हालांकि, वो हर राष्ट्रपति की तरह गेस्टरूम में ही रहेंगी। द्रौपदी मुर्मू को फ्री मेडिकल की सुविधा भी दी जाएगी। वो दुनिया में कहीं भी मुफ्त जा सकती हैं। उनको पासपोर्ट या वीजा की भी जरूरत नहीं होगी। नई राष्ट्रपति के पास 5 लोगों का सेक्रेटेरियल स्टाफ होगा। इनके अलावा राष्ट्रपति भवन में 200 और लोगों का भी स्टाफ है। इसके अलावा सेना के अंगरक्षक उनके साथ होंगे।

Daupadi Murmu..

छुट्टियां बिताने के लिए राष्ट्रपति मुर्मू हैदराबाद में राष्ट्रपति निलयम और शिमला में रिट्रीट बिल्डिंग भी जा सकेंगी। उनको आने-जाने के लिए कस्टमाइज्ड मर्सिडीज कार मिलेगी। इसके अलावा शानदार 6 घोड़ों वाली बग्घी में भी वो सवारी कर सकेंगी। जब तक वो राष्ट्रपति रहेंगी, उनके खिलाफ देश की किसी भी अदालत में न तो केस चलाया जा सकेगा और न ही किसी पुराने आरोप में जेल भेजा जा सकेगा। इसके अलावा कई और सुविधाएं भी उन्हें हासिल होंगी। राष्ट्रपति के तौर पर मुर्मू को संसद के 2 सत्रों में अभिभाषण करना होगा।