नई दिल्ली। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी घर बनाने की तैयारी में हैं। जानकारी के मुताबिक जगह का एड्रेस फाइनल हो चुका है। प्रियंका गांधी जल्दी ही लखनऊ को अपनी कर्मभूमि बनाने जा रही हैं। इसके पीछे की वजह साल 2022 की तैयारी है। प्रियंका गांधी आने वाले चुनाव में कोई भी कोर कसर रखना नहीं चाहती हैं।
प्रियंका गांधी यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर लगातार हमले कर रही हैं। यूपी को लेकर उनकी सक्रियता सबसे अधिक है। पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वी यूपी तक वह हर मुद्दे पर हर मौके पर पहुंच रही हैं। लखनऊ में रहने का स्थाई ठिकाना होने के बाद उनकी रणनीति में और भी तेजी आएगी। यूपी में प्रियंका गांधी की सक्रियता विपक्षी दलों को रास नहीं आ रही है।
मायावती ने हाल ही में प्रियंका को जोधपुर की घटना पर आड़े हाथों लिया। मायावती ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी जोधपुर में हो रही बच्चों की मौत पर चुप्पी साधे हुए हैं। इसी तरह बीजेपी की ओर से भी प्रियंका गांधी पर जवाबी हमला किया गया है। सीएए के मुद्दे पर प्रियंका ने यूपी में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जमकर विरोध करने के लिए कहा है।
उन्होंने कांग्रेस की गिरफ्तार हुई कार्यकर्ता सदफ जफर की खातिर योगी सरकार से जमकर मोर्चा भी लिया। प्रियंका गांधी यूपी को कांग्रेस के रिवाइवल का सेंटर बनाने की कोशिश में हैं।यही वजह है उन्होंने लखनऊ में स्थाई निवास बनाने का इरादा कर लिया है।