newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

UP: अपर्णा के बाद फिर लगी सपा के किले में सेंध, विधायक सुभाष ने थामा BJP का दामन तो हाजी रिजवान ने किया ये ऐलान

UP Election 2022: सपा विधायक सुभाष राय का स्वागत करते हुए अनिल बलूनी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की तेज हवा बह रही है, इसलिए विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति करने के इच्छुक नेता लगातार दूसरी पार्टियों से भाजपा में शामिल हो रहे हैं।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को बड़ा झटका लगा है। भाजपा ने एक बार फिर सपा के किले में सेंधमारी की है। एक तरफ तरफ जहां यूपी के जलालपुर से समाजवादी पार्टी के विधायक सुभाष राय (Subhash Rai) ने भाजपा का दामन थाम लिया है। वहीं दूसरी तरफ मुरादाबाद की कुंदरकी सीट से सपा विधायक हाजी रिजवान ने अपना टिकट कटने के विरोध में इस्तीफा दे दिया। इसके साथ उन्होंने ऐलान किया है कि वह हर हाल में इस सीट से चुनाव लड़ेंगे। सोमवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिनेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री एवं यूपी सह चुनाव प्रभारी शोभा करंदलाजे और भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी की मौजूदगी में सपा के कद्दावर विधायक ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

सपा विधायक सुभाष राय का स्वागत करते हुए अनिल बलूनी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की तेज हवा बह रही है, इसलिए विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति करने के इच्छुक नेता लगातार दूसरी पार्टियों से भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा विधायक के भाजपा में शामिल होने को घर वापसी बताते हुए कहा कि उनके आने से अंबेडकर नगर जिले और अवध क्षेत्र में पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो गया है और प्रदेश में राष्ट्रवाद और विकास की बयार बह रही है। उन्होंने कहा कि सुभाष राय दलितों और पिछड़ों के लिए लगातार काम करते रहे हैं और जमीनी स्तर पर उनका काफी प्रभाव है। सुभाष राय, भाजयुमो के नेता रहे हैं और वर्तमान उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के युवा मोर्चा के कार्यकाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी भी रह चुके हैं।