newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Ram Mandir: सपा और आप के नेताओं ने राम मंदिर के लिए जमीन खरीदी में लगाया घोटाले का आरोप, चंपत राय ने दिया जवाब

Ram Mandir: राम मंदिर के लिए गठित कमेटी और उसके अध्यक्ष चंपत राय पर इल्जाम लगाया गया है कि राम मंदिर के निर्माण के लिए लोगों की जो जमीन खरीदी गई है उसमें बड़ी मात्रा में रकम की हेराफेरी की गई है। ट्रस्ट पर यह आरोप आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी औक कांग्रेस के नेताओं द्वारा लगाया गया है।

नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसको लेकर लगातार राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र की तरफ से अपडेट भी जारी किया जाता है। इस मंदिर निर्माण के लिए देश ही नहीं विदेशों से भी बड़ी मात्रा में चंदे की रकम राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खजाने में पहुंच रहा है। लेकिन इस सब के बीच अब राम मंदिर के लिए गठित कमेटी और उसके अध्यक्ष चंपत राय पर इल्जाम लगाया गया है कि राम मंदिर के निर्माण के लिए लोगों की जो जमीन खरीदी गई है उसमें बड़ी मात्रा में रकम की हेराफेरी की गई है। ट्रस्ट पर यह आरोप आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी औक कांग्रेस के नेताओं द्वारा लगाया गया है।

ram mandir FI

इस मामले में सबसे पहले सपा के पूर्व विधायक पवन पाण्डेय ने कागजातों के साथ लगाया आरोप। उन्होंने कागज दिखाते हुए आरोप लगाया कि पहले 2 करोड़ में जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कराया और 5 मिनट बाद ही 18.5 करोड़ में मंदिर ट्रस्ट को यह जमीन बेच दी गई।

वहीं अयोध्या में मंदिर ट्रस्ट के नाम पर घोटाले के आरोप पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेन्द्र राजपूत ने कहा कि अयोध्या में विश्वहिंदू परिषद पर कई सौ करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप मंदिर ट्रस्ट के नाम पर पहले भी लगा है उसकी भी कोई सफाई विश्व हिंदू परिषद की तरफ से नहीं आई है। आज जो आरोप विश्व हिंदू परिषद पर लग रहे हैं इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए सरकार इसकी उच्च स्तरीय जांच कराए अगर ये लूट हुई है तो उन लोगों को साधारण लोगों से ज़्यादा कई गुना ज्यादा सज़ा मिलनी चाहिए।

वहीं आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के नाम पर चंपत राय ने करोड़ों रुपये ‘चंपत’ कर दिए। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के नाम पर घोटाला किया गया है। चंपत राय ने राम के नाम पर जो चंदा लिया गया, उसमें करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है। सपा और आप दोनों के नेताओं ने आरोप लगाया कि मंदिर को बेची गई जमीन में अनिल मिश्रा बैनामा कराने में और ट्रस्ट में खरीदारी में भी गवाह बने। मेयर ऋषिकेश उपाध्याय बैनामा और ट्रस्ट में खरीदारी में गवाह बने।

वहीं इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मीडिया के सामने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव और विहिप के वरिष्ठ नेता चंपत राय ने कहा कि वे इस पर कुछ भी बोलने से पहले जमीन खरीद के आरोपों का अध्ययन करेंगे। उन्होंने कहा अतीत में कई चीजों का आरोप उन पर लगाया गया है। वह इन आरोपों से घबराने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 100 साल से हम आरोप ही तो झेलते आए हैं। यहां तक कि महात्मा गांधी की हत्या का भी आरोप हमपर लगाया जाता रहा है। ऐसे में आप भी अपना काम कीजिए और हम भी अपना काम करेंगे।