newsroompost
  • youtube
  • facebook
  • twitter

Politics: गांधी परिवार के मसले पर जंग कांग्रेस से शिवसेना तक पहुंची, गहलोत ने सिब्बल तो शिवसेना ने जी-23 पर साधा निशाना

इस बीच, खबर ये भी है कि आज शाम को गांधी परिवार से नाराज कांग्रेस के नेताओं की बैठक सिब्बल के घर पर होने जा रही है। ये वही जी-23 गुट के नेता हैं, जो लगातार कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव की मांग करते रहे हैं।

नई दिल्ली। 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में घनघोर पराजय और खासकर अपने शासित राज्य पंजाब की सत्ता गंवाने के बाद कांग्रेस में गजब का माहौल है। एक तरफ पार्टी की कार्यसमिति ने एक सुर से गांधी परिवार के सदस्यों यानी सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी के इस्तीफे की पेशकश को ठुकरा दिया। वहीं, पांचों राज्यों में सोनिया ने वहां के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा लिखवा लिया। खास बात ये कि इन राज्यों के प्रभारियों को कुछ नहीं कहा गया है। वहीं, कांग्रेस में अब गांधी परिवार के खिलाफ सुर उठ रहे हैं, तो इस परिवार के करीबी उन लोगों पर पलटवार कर रहे हैं। एक तरफ अशोक गहलोत ने कपिल सिब्बल को कांग्रेस की एबीसीडी पता करने की नसीहत दी है। वहीं, असंतुष्ट कांग्रेसी नेताओं की आज शाम बैठक से पहले शिवसेना ने गांधी परिवार का साथ दिया है। शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ में गांधी परिवार का विरोध कर रहे जी-23 के नेताओं को सड़ा हुआ आम बताया गया है। सामना ने संपादकीय में लिखा है कि गांधी नेतृत्व छोड़ें यह ठीक, लेकिन कांग्रेस को आगे ले जानेवाला, जीत दिलानेवाला नेता ‘जी-23’ गुट में है क्या?

Rahul and Sonia

मामला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल का है। सिब्बल मशहूर वकील भी हैं। अब वकील का ये पेशा ही उन्हें गांधी परिवार के करीबी और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के पलटवार की वजह बना चुका है। दरअसल, सिब्बल ने कल बयान जारी कर कहा था कि वो ‘घर की कांग्रेस’ नहीं देखना चाहते। सिब्बल का कहना था कि लगातार चुनावों में हार के बाद अब गांधी खानदान को चाहिए कि वो कांग्रेस से हट जाए और किसी और को पार्टी की कमान सौंपी जाए। सिब्बल के इसी बयान पर अशोक गहलोत उनपर टूट पड़े हैं। गहलोत ने बाकायदा सिब्बल की समझ पर ही सवाल उठा दिया है।

Kapil Sibbal Rahul Sonia priyanka

अशोक गहलोत ने कहा है कि सिब्बल मशहूर और अच्छे वकील तो हैं, लेकिन उन्हें कांग्रेस की एबीसीडी नहीं पता है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के आशीर्वाद से ही सब मिला है और कपिल सिब्बल के मुंह से ऐसे शब्द निकलना दुर्भाग्यपूर्ण है। गहलोत ने कहा कि हर जाति, वर्ग, धर्म और भाषा बोलने वाले, हर क्षेत्र के लोग सब चाहते हैं कि कांग्रेस को एकजुट रखा जाए और ये काम गांधी परिवार ही कर सकता है। अगर उनकी ये क्रेडिबिलिटी है, तो आज हर कांग्रेसी उनके साथ है। इस बीच, खबर ये भी है कि आज शाम को गांधी परिवार से नाराज कांग्रेस के नेताओं की बैठक सिब्बल के घर पर होने जा रही है। ये वही जी-23 गुट के नेता हैं, जो लगातार कांग्रेस के नेतृत्व में बदलाव की मांग करते रहे हैं।